Interview : DM विशाख जी अय्यर ने अमृत विचार के सवालों के दिए जवाब, बोले- जलभराव का होगा समाधान, जाम से मिलेगी निजात
कानपुर डीएम ने अमृत विचार के सवालों के जवाब दिए।
कानपुर डीएम विशाख जी अय्यर ने अमृत विचार के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव का जल्द ही समाधान होगा। लोगों को जाम से भी निजात मिलेगा।
कानपुर, अमृत विचार। शहरवासी बारिश में जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। जाम की समस्या कोढ़ में खाज साबित हो रही है तो सड़कों के गड्ढे भी वाहन चालकों को कम दर्द नहीं दे रहे हैं। अतिक्रमण के साथ जाम की बड़ी वजह ये गड्ढे भी हैं। वाहन सवारों को स्पाइन में दर्द की समस्या हो रही है। सीवर लाइनों की सफाई भी कागज पर हो गई है। आखिर समस्याओं का समाधान कब होगा। स्मार्ट सिटी का दर्जा प्राप्त शहर स्मार्ट कब होगा। इन समस्याओं के निदान के लिए अमृत विचार के वरिष्ठ संवाददाता कुशाग्र पांडेय ने डीएम विशाख जी अय्यर से बात की। पेश हैं अंश..
शहर में जलभराव की वजह कहीं कागज पर हुई नाला सफाई तो नहीं ? जांच कब कराएंगे ?
- जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान खोजा जा रहा है। इस संबंध में नगर निगम के चीफ इंजीनियर को बुलाया था। समस्या का स्थायी समाधान हो इसके लिए व्यापक कार्ययोजना बनाकर तत्काल काम शुरू करने के लिए कहा है। नालों की सफाई में किसी तरह की लापरवाही की कोई शिकायत नहीं आई है। नगर आयुक्त खुद ही निरंतर मॉनीटरिंग कर रहे हैं। जल्द ही आपको सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।
जाम से निजात को योजनाएं तो बनतीं हैं पर धरातल पर क्यों नहीं आ रही हैं ?
- ऐसा नहीं है। वीआईपी रोड समेत कई जगहों पर यातायात पुलिस की ओर से समग्रता के साथ काम किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने। जाम की समस्या से लोगों को निजात मिली। पुलिस के साथ मिलकर जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर काम किया जा रहा है। इंतजार कीजिए बहुत ही जल्द शहर के अन्य मार्गों पर भी समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। जाम और भीड़ वाले चौराहे को चिह्नित कर वहां पर ट्रैफिक सिपाही की संख्या बढ़ा दी गई है।
गड्ढा मुक्त सड़क का अभियान तो फेल हो गया ?
- नहीं, अभियान फेल नहीं हुआ है। पीडब्ल्यूडी , नगर निगम व संबंधित विभागों ने सड़कों का नवीनीकरण भी किया। बारिश की वजह से अभियान रोक दिया गया है। बरसात खत्म होते ही तेजी से सड़कें बनेंगी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सड़कें चिह्नित कर बारिश बाद उनकी मरम्मत का कार्य अभियान चलाकर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रोड कटिंग पर भी रोक लगा दी है। ऑनलाइन अनुमति के बाद ही रोड काटने की अनुमति दी जाएगी। ताकि जनता को कोई परेशानी न हो।
आरटीई के तहत दाखिला न लेने वाले स्कूल संचालकों पर कार्रवाई कब होगी?
- एडीएम न्यायिक ने सभी स्कूल संचालकों और बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ बैठक की थी। उसकी रिपोर्ट आ गई है। सभी स्कूल संचालकों को चेतावनी दी गई है कि अगर वह दाखिला लेने में आनाकानी करेंगे तो मान्यता रद करने की कार्रवाई की जाएगी। दाखिला न लेने वाले स्कूलों की सूची भी बन रही है।
जीटी रोड शाम होते ही अंधेरे में डूब जाती है। लाइटें लगेंगी या अंधेरा ही रहेगा ?
- जीटी रोड जल्द ही दूधिया रोशनी से खिल जाएगी। रामादेवी और गोल चौराहा तक लाइटें लगाई जाएंगी। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत काम होगा। इसके साथ ही भौंती से लेकर पनकी तक लाइटें लगेंगी।
मेगा लेदर क्लस्टर के लिए भूमि एक्सचेंज की राह में बाधा कहां आ रही हैं ?
- मेगा लेदर क्लस्टर परियोजना में 35 हेक्टेयर जमीन बाधा बन रही थी। उद्यमी और जिला प्रशासन की अलग-अलग तहसील में जमीन थी। इसलिए जमीन की अदला-बदली नहीं पो पाई थी। अब सहमति बन गई है। उद्यमियों ने जमीन खरीदने के लिए तीन माह का समय मांगा है। जमीन खरीदते ही समस्या का हल हो जाएगा।
गोल चौराहा से रामादेवी तक एलिवेटेड रोड का प्रोजेक्ट कहां अटक गया ?
- कौन कह रहा है कि प्रोजेक्ट अटक गया है ? आपको बता दूं डीपीआर बनाने के लिए सलाहकार का चयन हो गया है। बजट जारी होते ही डीपीआर तैयार की जाएगी।
केडीए की जाजमऊ के पास बिजनेस सिटी बसाने की योजना तो हवा में है ?
- प्रोजेक्ट हवा में नहीं है। पूर्व केडीए उपाध्यक्ष ने इस पर कुछ काम किया था। प्राधिकरण के पास जाजमऊ में अभी जमीन नहीं है। जमीन की आवश्यकता है। जमीन चिह्रित करने की कवायद तेजी से की जा रही है।
