अयोध्या: सरयू का जलस्तर बढ़ने से एलर्ट, प्रभावित होने वाले गांवों में सर्वे शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूराबाजार, अयोध्या, अमृत विचार। सरयू नदी के जलस्तर में फिर बढ़ोत्तरी होने से सदर तहसील प्रशासन एलर्ट मोड में आ गया है। तहसील प्रशासन ने लेखपालों को प्रभावित होने वाले गांवों में उतार कर सर्वे शुरू कर दिया है। वहीं बढ़ते जलस्तर को लेकर ग्रामीणों में खौफ पसारने लगा है। 
 
शुक्रवार को तहसील प्रशासन के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित गांवों के लेखपालों ने दौरा कर 42 नावों की सूची तहसील को भेज दिया है। इसके लिए आबादी, आवश्यकता और संवेदनशील गांवों का सर्वे शुरू कर दिया है। 

वहीं मूडाडीहा माझा, उरदहवा, सलेमपुर, पिपरी संग्राम, सलेमपुर,मडना मांझा, बलुइया माझा, सेवरहवा, लोनियाना, गिलेंट, मदरहिवा, रामपुर पुआरी माझा और पनसैवा नई दुनिया धनी का पुरवा, काजीपुर मांझा के लोगों में नदी का जलस्तर बढ़ने से खौफ पसर गया है। मूडाडीहा के रामजग, रामनाथ, अमरनाथ, हरिराम निषाद, बैजनाथ यादव, राधेश्याम यादव कहते हैं कि नदी में पानी बढ़ा तो एक बार फिर घर गृहस्थी नदी में समा जाएगी। 

वहीं रामपुर पुआरी माझा के श्याम सुंदर, अशोक निषाद, सुनील निषाद, रामपुर निषाद, चंद्रावती कहतीं है हर साल तो सर्वे होता है। प्रधान रमेश निषाद कहते हैं कि जिस प्रकार से नदी में पानी बढ़ रहा है वह खतरनाक स्थिति में पहुंच सकता है। 

रामपुर पुआरी के लेखपाल सौरभ पांडे ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांव का दौरा कर स्थिति का आंकलन किया गया है। तहसीलदार सदर राम प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लेखपालों को निर्देशित किया गया है कि स्थिति पर नजर बनाए रखें। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तहसील प्रशासन तैयार है।

यह भी पढ़ें:-खुलासा: 20 साल से बिना 33 हजार केवीए लाइन के चल रहा चौक उपकेन्द्र

संबंधित समाचार