खटीमा: टनकपुर डिपो की बस में सवार यात्री को जहरखुरानों ने बनाया शिकार
जेब में 14,500 रुपए नगदी व मोबाइल सुरक्षित मिला
हिमांचल के सोलन से नेपाल घर लौट रहा था नेपाली नागरिक जसपुर के पास ढाबे में शिंकजी पीने के बाद बस में आते ही हो गया बेहोश बस परिचालक ने देर रात खटीमा अस्पताल में कराया भर्ती, सुबह आया होश
खटीमा, अमृत विचार। शिमला से नेपाल लौट रहे नेपाल के नागरिक को रोडवेज बस में जहर खुरानी गिरोह ने अपना शिकार बना लिया। परिचालक ने यात्री को बेहोशी की हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। सुबह होश में आते ही यात्री अपने घर चला गया। बताया गया कि उसके साथ उसका रिश्ते का जीजा भी था, बहरहाल जहरखुरान उसे लूट नहीं पाए।
बता दें कि लंबी रूट की बसों में यात्रियों को जहरखुरानी गिरोह बेहोशी की दवा खिलाकर लूटने के मामले प्रकाश में आते रहते हैं। ताजा मामले में गुरुवार को टनकपुर डिपो की बस शिमला से टनकपुर आ रही थी। परिचालक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि नेपाल निवासी 29 वर्षीय तेजू राणा अपने जीता के साथ हिमाचल के सोलन से बस में बनबसा के लिए बैठा।
रात में जब बस जसपुर स्थित ढाबे में रुकी तो तेजू राणा ने वहां शिंकजी पी। इसके बाद वह लड़खड़ाने लगा। उसके बेहोश होने पर रात करीब 1.10 बजे खटीमा पहुंचने पर खटीमा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी जेब में 14,500 रुपए व मोबाइल सुरक्षित मिला। इधर, अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सुबह होश आने पर यात्री अपने घर चला गया।
