Kanpur Dehat : साढ़ू पर हमला कर भागे आरोपी ने पुलिस टीम पर झोंका फायर, तमंचे में कारतूस फंसने पर पकड़ा गया
कानपुर देहात में साढ़ू पर हमला कर भागे आरोपी ने पुलिस टीम पर झोंका फायर।
कानपुर देहात में साढ़ू पर हमला कर भागे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। तमंचे में कारतूस फंसने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। रसूलाबाद थानाक्षेत्र में नयापुरवा में साढ़ू ने साढ़ू को चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर हमलावर को रसूलपुर गांव के पास घेर लिया। जिसपर उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जबकि दूसरा फायर करने पर तमंचे में कारतूस फंस गया। इसी दौरान पुलिस ने धर दबोचा।
जनपद कन्नौज के दानेपुरवा इंदरगढ़ निवासी रोहिणी राजपूत ने बताया कि वह अपने मायके नयापुरवा अलीपुर रामहार निवासी पिता मथुरा प्रसाद के यहां आई हुई थी। उसका पति प्रेमचंद्र उसे लेने के लिए दो दिन पूर्व मायके आया हुआ था। गुरुवार की रात उसके जीजा माधव नगर निवासी सर्वेश कुमार आए और एकलौते भाई संदीप से गालीगलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया।
इसी दौरान पास में खड़े उसके पति ने चाकू में हाथ लगा दिया। जिससे गुस्साए सर्वेश कुमार ने उसके पति पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर दिए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि ससुराल में संपत्ति हड़पने की नियत से आरोपी सर्वेश कुमार ने इकलौते साले संदीप पर चाकू से हमला किया, लेकिन साढ़ू प्रेमचंद ने हाथ लगा दिया। तब आरोपी ने प्रेमचंद्र को चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना पर चौकी इंचार्ज राम सिंह, एसआई रामकिशोर व मुख्य आरक्षी अजय तोमर के साथ मौके पर गए और घायल को सीएचसी भेजकर हमलावर को गिरफ्तार करने के लिए निकले। इसी दौरान रसूलपुर गांव के पास हमलावर सर्वेश ने पुलिस दल पर फायर झोंक दिया। जिसमे पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। दूसरा फायर करने के दौरान कारतूस तमंचे में फंस गया। जिसपर उसे दबोच कर थाने लाया गया है। आरोपी सर्वेश के विरुद्ध पुलिस टीम पर जानलेवा हमला व शस्त्र अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
