हल्द्वानी: बरेली रोड पर अपनी ही कार में मृत मिला कारोबारी
मृतक का खानचंद्र मार्केट में होटल और रामपुर रोड पर पुरानी कारों की खरीद बिक्री का है स्टोर
हल्द्वानी, अमृत विचार। होटल कारोबारी संदिग्ध हालातों में बरेली रोड स्थित रेलवे फाटक के समीप अपनी ही कार में मृत मिला। कार स्टार्ट थी और एसी ऑन था। क्षेत्रवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका है कि कार में रात भर एसी चलने से कॉर्बन डाइऑक्साइड गैस की अधिकता होने पर दम घुटने से मौत हो गई। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
अंकित चौहान (30 वर्ष) पुत्र स्व. धर्मपाल सिंह चौहान निवासी रामबाग कॉलोनी पेशे से कारोबारी था। उनका खानचंद्र मार्केट में होटल है और रामपुर रोड पर पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त का स्टोर है। अंकित शुक्रवार की देर सायं अपनी कार संख्या यूके 04 क्यू 1574 से कहीं जाने की बात कह कर निकला। देर रात घर नहीं लौटा।
परिजनों ने फोन लगाया लेकिन फोन नहीं उठा। इधर, शनिवार की सुबह तीनपानी के समीप रहने वाले लोगों ने पुलिस को रेलवे फाटक के समीप हाईवे किनारे खड़ी एक स्टार्ट कार में युवक के बेहोशी की हालत में पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कार में पड़े युवक की मौत हो चुकी थी। युवक की शिनाख्त अंकित चौहान के रूप में हुई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस को कार से 53 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय अंकित कार में सो गया होगा, कार में एसी चल रहा था और सारे खिड़की-दरवाजे बंद थे।
ऐसे में गाड़ी में कार्बनडाइ ऑक्साइड गैस की अधिकता से दम घुटने के कारण अंकित की मौत हो गई, हालांकि यह सिर्फ आशंका है। मौत की असल वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। वहीं, अंकित के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि सोची समझी साजिश के तहत अंकित की हत्या की गई है।
वैष्णो देवी गई मां को नहीं बताया
अंकित की मां उषा देवी अपनी तीन बेटियों व एक दामाद के साथ वैष्णो देवी दर्शन पर गई हैं। परिजनों ने अंकित के जीजा को इन अनहोनी की खबर दी है जबकि मां को नहीं बताया है। संभावना है कि शनिवार देर रात या रविवार को मां, बहनें पहुंचेंगी तब अंकित का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सवाल : आखिर अंकित ड्राइविंग सीट छोड़ बैक सीट पर क्यों गया
पुलिस आशंका जता रही है कि कार में रात भर एसी चलने तथा कार के शीशे बंद होने के कारण दम घुटने से अंकित मौत हो गई। पुलिस की इस थ्योरी पर कई सवाल खड़े होते हैं। अंकित घर से अकेले निकला था। सुबह कार में उसका शव अकेले मिला। अब सवाल यह है कि वह अकेला ही था तो ड्राइविंग सीट छोड़कर बैक सीट पर क्यों गया।
दूसरा सवाल यह है कि अंकित का कारोबार रामपुर रोड और नैनीताल रोड पर है तो वह कार से बरेली रोड पर क्यों गया। तीसरा सवाल यह है कि अंकित कारों की खरीद-फरोख्त करता था, ऐसे में गाड़ी में एसी चलाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में पता था फिर उसने गाड़ी के सभी शीशे-खिड़की क्यों बंद किए।फिलहाल मौत की गुत्थी पुलिस जांच के बाद ही खुलेगी।
होटल कारोबारी अंकित चौहान निवासी रामबाग कार में मृत मिला। कार में एसी चल रहा था और कार के सभी खिड़की दरवाजे बंद थे। आंशका है कि लगातार एसी चलने से कार्बन डाइऑक्साइड गैस की अधिकता हो गई होगी। इससे अंकित की मौत हो गई होगी। सटीक वजहों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। कार से नगदी व मोबाइल बरामद हुआ है। अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं सौंपी है।
-हरेंद्र चौधरी, कोतवाल, हल्द्वानी कोतवाली
यह भी पढ़ें: Haldwani News: MBPG कॉलेज व राजकीय महिला महाविद्यालय में प्रवेश जारी, शनिवार को हुए इतने प्रवेश
