प्रयागराज : इविवि में छात्र की मौत का मुद्दा गरमाया, पूर्व अध्यक्षों ने खोला मोर्चा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्र आशुतोष की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्र संघ के पूर्व अध्यक्षों ने इविवि में छात्र की मृत्यु के लिए कुलपति, चीफ प्रॉक्टर, सहित विश्वविद्यालय के प्रशासन अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया है। साथ ही उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व अध्यक्ष केके राय, ऋचा सिंह के अलावा, कृष्णमूर्ति यादव, विनोद चंद्र दुबे, संजय तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में एक छात्र के अचानक अचेत होने पर उसे तत्काल एम्बुलेंस नहीं मुहैया कराई गई। कोई त्वरित मेडिकल सुविधा नहीं दी गई। घटनास्थल पर छात्र तड़पता रहा, लेकिन प्रॉक्टर, डीएसडब्ल्यू कोई वहां पहुंचा नहीं। जब वहां मौजूद छात्र उन्हें ऑटो रिक्शा में ले जाना चाहे तो उन्हें परिसर में ऑटो को घुसने नहीं दिया गया, दरवाजे नहीं खोले गए। ये पूरी तरीके से लापरवाही है। छात्रों पर मुकदमा दर्ज कर मामले को दबाया जा रहा है।

पूर्व अध्यक्ष केके राय, ऋचा सिंह के अलावा, कृष्णमूर्ति यादव, विनोद चंद्र दुबे, संजय तिवारी ने संयुक्त रूप से प्रयागराज पुलिस प्रशासन की भी कड़ी आलोचना की। 

मृत छात्र के पिता की तहरीर पर 72 घंटे बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई एफआईआर नहीं दर्ज की गई। बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन की निरंकुशता के खिलाफ विरोध करने वाले छात्र नेताओं और छात्रों पर एफआईआर दर्ज किया गया। आंदोलन को दबाने के लिए छात्र नेताओं, छात्रों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उनके कमरों पर दबिश दी जा रही है।

केके राय और ऋचा सिंह ने मांग की है कि आशुतोष के मृत्यु के लिए विश्विद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए। सथ ही आंदोलन में शामिल छात्रों का उत्पीड़न बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि कुलपति के तानाशाही पूर्ण रवैये से विश्वविद्यालय परिसर में अराजकता बन गई है। शिक्षा का कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। साथ ही पूर्व अध्यक्षों ने यह चेतावनी दी कि अगर छात्रों का उत्पीड़न विश्वविद्यालय प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा बंद नहीं किया गया तो पूर्व अध्यक्ष सड़क पर उतरने एवं आर-पार की लड़ाई के लिए बाध्य होंगे।

ये भी पढ़ें -देवरिया में मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सफाई व जलनिकासी का लिया जायजा

संबंधित समाचार