गोंडा पहुंचे CM योगी, भिखारीपुर सकरौर तटबंध का किया निरीक्षण 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अफसरों व जन प्रतिनिधियों संग बैठक कर बाढ़ के तैयारियों की समीक्षा

उमरीबेगमगंज/ गोंडा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ऐली परसोली स्थित सरयू नदी पर बने भिखारीपुर सकरौर तटबंध का निरीक्षण किया और बाढ़ से निपटने को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। सीएम ने अफसरों और जनप्रतिनिधियों संग बैठक कर तैयारियों की समीक्षा भी की। निरीक्षण के दौरान सीएम को पूरा इंतजाम चाक चौबंद मिला।‌ मुख्यमंत्री बाढ़ से बचाव को लेकर की गई तैयारी से संतुष्ट नजर आए और इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों की पीठ थपथपायी। सीएम ने अफसरों को राहत और बचाव के इंतजाम को और पुख्ता रखने के निर्देश दिए। 

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भिखारीपुर सकरौर तटबंध के करीब घोड़हनपुरवा में हेलीपैड बनाया गया था। दोपहर 2.25 मिनट पर मुख्यमंत्री योगी का हेलीकॉप्टर उतरा। यहां से निकलकर सीएम योगी ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के साथ तटबंध के किलोमीटर 17 से 18 तक का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री बंधे पर करीब तीन सौ मीटर पैदल चले और सरयू नदी की धारा को नजदीक से देखा। बंधे पर ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पूरे तटबंध का नक्शा बना रखा था। 

सीएम ने इस नक्शे से भी बाढ़ की त्रासदी और उससे बचाव को लेकर किए गये उपायों को समझने की कोशिश की। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र, डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, डीएम नेहा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अंकित‌ मित्तल समेत सिंचाई विभाग के अधिकारी व जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के विधायक भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अफसरों से संभावित बाढ़ की स्थिति में उससे बचाव को लेकर किए गए इंतजाम की जानकारी ली और अफसरों को सतर्कता बचने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएम योगी प्रशासन की तैयारियों से संतुष्ट नजर आए और इसके लिए उन्होंने अधिकारियों की सराहना की। 

14 (77)

सीएम ने कहा कि प्रशासन के अधिकारी पूरी तन्मयता से किसी भी आपदा से निपटने के लिए काम कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि भी समय-समय पर बाढ़ क्षेत्र में जाकर लोगों की मदद कर रहे हैं और पूरी सतर्कता बरती जा रही है। मुख्यमंत्री करीब 40 मिनट तक बंधे पर रहे‌ इसके बाद वह अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री व मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह मंजू सिंह, विधायक मेहनौन विनय द्विवेदी, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, कटरा विधायक बावन सिंह, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, शारदाकांत पांडेय, सूर्य प्रकाश सिंह, सुरजीत सिंह, भानु सिंह समेत अन्य मौजूद रहे। 

सभी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए सरकार तैयार- सीएम 
बंधे के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को संबोधित किया और बाढ़ तथा राहत और बचाव के तैयारियों की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के साथ बैठक के दौरान पता चला कि जनपद में औसत से कम बरसात हुई है, लेकिन उत्तराखंड और नेपाल में भारी बरसात होने के कारण सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा है। इस समय सरयू नदी में करीब 2.50 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है। यह आगे और बढ़ने की संभावना है।‌ फिर भी सरकार किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तटबंध को बचाने व जनहानि को रोकने के लिए सरकार ने बंधे की मरम्मत व अन्य कार्यों के लिए जो बजट जारी किया था, उसके मुताबिक सभी कार्य समय से पूरे कर लिए गए हैं। नाव के साथ ही बाढ़ पीड़ितों के लिए खाद्य सामग्री व अन्य चीजों की पूरी व्यवस्था कर ली गई है। क्षेत्र में कुल 28 बाढ़ चौकियों स्थापित कर उन्हें सक्रिय किया गया है। जिला प्रशासन बाढ जैसी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष 7.50 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज होने के बावजूद हमने बांध को बचाए रखा था। इस बार उसे और मजबूत करने का काम किया गया है। कहीं कोई चिंताजनक स्थिति नहीं है। किसी भी तरह की आपदा से निपटने में सरकार पूरी तरह से तैयार है। हालांकि सीएम ने कहा कि विपरीत परिस्थिति कभी भी आ सकती है। इसलिए सभी को सतर्क रहना है।

ये भी पढ़ें -अयोध्या : नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, धर्मांतरण करने का भी प्रयास

संबंधित समाचार