हल्द्वानी: जिले में 10.9 एमएम बरसे बादल, 19 मार्ग बंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। जनपद में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में जिले में करीब 10.9 एमएम बारिश रिकार्ड हुई। वहीं मलबा आने से 19 मार्ग बंद हैं। जिन्हें खोलने का काम चल रहा है।
आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार सबसे ज्यादा बारिश रामनगर में हुई है। यहां करीब 53.6 एमएम बारिश रिकार्ड हुई। इसके अलावा हल्द्वानी में 17 एमएम, बेतालघाट में 5 एमएम, कालाढूंगी में 1 एमएम तथा मुक्तेश्वर में 0.3 एमएम बारिश दर्ज हुई। जबकि नैनीताल, कोश्याकुटोली, धारी में बारिश नहीं हुई।
इधर, बारिश के कारण पहाड़ों में मलबा गिरने का सिलसिला अब भी जारी है। इससे जनपद में 19 मार्ग बंद हैं। इनमें नैनीताल-किलवरी, राजभवन-ईस्ट लेगम रोड, बिचखाली-पाथरी, तल्ला रामगढ़-झूतिया, डोला-न्याय पंचायत, मौरनौला-भीड़ापानी, बरेली अल्मोड़ा-सिरसा, टकुरा-तुषराड़, नाई-भुमका मार्ग, देवलीधार-सूई, चमड़िया-लोहाली-जौरासी, रातीघाट-बुधलाकोट, मल्यूटी मोटर मार्ग, रोपा मोटर मार्ग, हरतप्पा-हली, बिनकोट-चंद्रकोट, बजून-अक्सू, फतेहपुर-बेल व रानीबाग-ब्रेवरी मार्ग शामिल हैं।
अल्मोड़ा-क्वारब मार्ग पर रात में आवाजाही बंद की
हल्द्वानी। मंडलायुक्त दीपक रावत ने बताया कि कुमाऊं मंडल में 65 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। अल्मोड़ा नेशनल हाईवे पर क्वारब के पास मलबा आने से सड़क बंद हुई थी, उसको सुचारू कर दिया गया है। भूस्खलन को देखते हुए अल्मोड़ा के पास क्वारब मार्ग पर रात्रि आवाजाही बंद कर दी गई है।
आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत राशि देने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश का अलर्ट है। मार्गों पर जितने भी रपटे बने हैं, वहां पुलिस की तैनाती की गई है। आमजन से अपील है कि बारिश में नदी, नाले, गधेरे के पास नहीं जाएं। जनपद के क्षतिग्रस्त मार्गों को आवागमन के लिए जल्द सुचारू किया जाएगा।
