हल्द्वानी: 24 नाली भूमि का करार हुआ, गांव वालों की जमी पर कब्जा कर बना दिया रिसोर्ट
मंडलायुक्त की जन सुनवाई में अल्मोड़ा के सल्ट के ग्रामीणों ने की शिकायत
हल्द्वानी, अमृत विचार। मंडलायुक्त दीपक रावत ने शनिवार को मिनी स्टेडियम रोड स्थित कैंप कार्यालय में जन सुनवाई की। उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। बाकी शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अल्मोड़ा के सल्ट निवासी रमेश चन्द्र ने बताया कि 24 नाली भूमि रूपा सरोहा निवासी रोज अपार्टमेंट, रोहिणी दिल्ली को एग्रीमेंट पर दी थी। रूपा ने 24 नाली के अतिरिक्त गांव वालों की 40 नाली जमीन पर अवैध कब्जा कर रिसोर्ट बना दिया।
मंडलायुक्त ने तहसीलदार सल्ट को ग्रामीणों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। अगली जनसुनवाई में क्रेता, विक्रेता और सभी हिस्सेदार ग्रामीणों को तहसीलदार के साथ आने के निर्देश दिए। पंचशील कॉलोनी निवासी दीपक गुणवन्त एवं प्रदीप बिष्ट ने बताया कि उन्होंने संयुक्त रूप से मुखानी में भूमि क्रय की थी।
रजिस्ट्री संयुक्त रूप से दीपक गुणवन्त की मां के नाम से करवाई लेकिन दीपक गुणवन्त द्वारा भूमि पर बिना नक्शे पास किए पीजी संचालित किया जा रहा है जो नियम विरूद्व है। आयुक्त ने सिटी मजिस्ट्रेट को नोटिस देने, कंपाउंडिंग अथवा चालान-सील की कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त के जनसुनवाई में अधिकांश समस्यायें भूमि धोखाधड़ी की आईं। उन्होंने क्रेता-विक्रेता को सावधान रहने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम मनीष सिंह, जिला सूचना अधिकारी ज्योति सुंदरियाल आदि मौजूद थे।
