गोंडा : अचानक गाड़ी से उतरकर खेत के रास्ते ड्रेन का निरीक्षण करने पहुंचे सिंचाई मंत्री
गोंडा, अमृत विचार। सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से लौटते समय सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला अचानक एक जगह रुक गया। वह गाड़ी से नीचे उतरे और खेत के रास्ते से निकल पड़े। सिंचाई मंत्री के खेतों के रास्ते आगे बढ़ने से साथ में चल रहे सुरक्षाकर्मियों के पसीने छूट गए।
सिंचाई मंत्री थोड़ी दूर चलकर अचानक बेलई ड्रेन के चैनेज 5.4 किलोमीटर पर पहुंचकर रुक गए और इस ड्रेन पर हाल ही में हुए सफाई कार्य का निरीक्षण किया। सिंचाई मंत्री के अचानक खेत के रास्ते पहुंचकर ड्रेन का निरीक्षण करने की सूचना पर सिंचाई विभाग के अभियंताओं का तनाव बढ़ा दिया।
मंत्री ने मुख्य अभियंता राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता त्रयंबक त्रिपाठी,अधिशासी अभियंता राधेश्याम प्रसाद, सहायक अभियंता शिव कुमार शुक्ला व अवर अभियंता बृजेश कुमार से सफाई के बारे में जानकारी ली। हर पहलू पर चर्चा करने के बाद स्थिति संतोषजनक मिलने पर जन संवाद करते हुए वहां से आगे निकल लिए। इसके बाद अभियंताओं ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें -बहराइच डीआईओएस कार्यालय पर मांगों को लेकर शिक्षकों ने दिया धरना
