मुरादाबाद : मुख्य सचिव के दौरे से अटकी अधिकारियों की सांस, जानें भ्रमण का पूरा कार्यक्रम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दोपहर 3:00 बजे भदासना स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण करने के बाद पहुंचेंगे मूंढापांडे हवाई अड्डा

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र रविवार को जिले के भ्रमण पर रहेंगे। अंतिम रूप से कार्यक्रम जारी होने पर 8:30 घंटे बैठक और निरीक्षण का शेड्यूल मिलते ही अधिकारियों की सांस अटक गई। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव जहां भ्रमण की शुरूआत मूंढापांडे विकास खंड के भदासना अमृत सरोवर का निरीक्षण करेंगे। वहीं, एअरपोर्ट पर व्यवस्था देखकर शाम 7 बजे सर्किट हाउस में डेढ़ घंटे बैठक में योजनाओं और परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। 

केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की हकीकत मुख्य सचिव की समीक्षा में खुलेगी। इसको देखते हुए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित प्रगति आख्या अपडेट कर स्थलीय सत्यापन कर कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। इसके क्रम में कहीं सड़कों के गड्ढे भरे गए तो कहीं परियोजनाओं के अधूरे कार्य पूरे कराने में रात दिन एक किया गया। मुख्य सचिव एअरपोर्ट के बाद स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित प्रेरणा भोजनालय का भ्रमण दलपतपुर में करेंगे। इसके बाद मुरादाबाद के प्रवेश द्वार, स्मार्ट सिटी परियोजना की इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन, एनीमल कार्कस प्लांट, कान्हा गोशाला का भी निरीक्षण करेंगे। 

मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव ने बताया कि मुख्य सचिव के भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों को तैयारी पूरी रखने का निर्देश दिया गया है। जहां कमियां मिलेंगी उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

यह है भ्रमण कार्यक्रम
  • 3:00-3:30 बजे    भदासना अमृत सरोवर का निरीक्षण।
  • 3:40 -4:10 बजे    मूंढापांडे के भदासना एअरपोर्ट का निरीक्षण।
  • 4:20-4:40 बजे    दलपतपुर में संचालित प्रेरणा भोजनालय का निरीक्षण।
  • 5:30-5:50 बजे    इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण।
  • 6:00-6:15 बजे    एनीमल कार्कस प्लांट का निरीक्षण।
  • 6:20-6:35 बजे    कान्हा गोशाला मैनाठेर का निरीक्षण।
  • 7:00-8:30 बजे    सर्किट हाउस में लाभार्थी  वितरण कार्यक्रम एवं समीक्षा बैठक।
  • 10:45-11.15 बजे    पीलीकोठी स्थित आईसीसीसी का निरीक्षण।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: धर्म परिवर्तन का ड्रामा कर दूसरी लड़की से करना चाहता था विवाह, जांच में भी सामने आई आमिर की चालबाजी 

संबंधित समाचार