बिजनौर : महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नजीबाबाद। विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर जहर देकर विवाहिता को मारने का आरोप लगाया है। जलालाबाद के मोहल्ला शेख सराय निवासी नाजिम ठेकेदार की शादी नगर में ही इस्माइल ठेकेदार की पुत्री साइना के साथ 18 वर्ष पूर्व हुई थी। 

बताया जाता है कि रविवार दोपहर दो बजे महिला के जहर खाने की सूचना से परिजनों में हड़कंप मच गया। महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर जबरदस्ती जहर देकर विवाहिता को मारा है। परिजन थाने में तहरीर लेकर पहुंचे और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। दूसरी तरफ कुछ लोग इस मामले में बिना पोस्टमार्टम के ही शव को दफनाने के लिए परिजनों को राजी करने में लगे हुए थे। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बंद मकान में मिला महिला शव 
हल्दौर। झालू क्षेत्र के‌ ग्राम खारी में बंद मकान में 55 वर्षीया महिला शव मिला। पुलिस ने मृतका के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार शनिवार की रात्रि यूनुस पुत्र मरहूम यूसुफ निवासी ग्राम खारी ने थाना हल्दौर पुलिस को सूचना दी कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली तथा उसका भाई परिवार के साथ पूना में रहता है। उसकी मां जरीना खातून गांव में अकेली रहती है। उसके पडोसियों ने सूचना दी कि उसके घर का ताला बाहर से बन्द है और घर से बदबू आ रही है। सूचना पर वह मौके पर पहुंचा और आसपास के लोगों के साथ घर के बाहर का ताला तोड़कर देखा तो कमरे में भी ताला लगा था। यूनुस की सूचना पर हल्दौर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस की उपस्थिति में जब कमरे का ताला तोड़कर देखा तो जरीना का शव पड़ा था। शव कई दिन पुराना होने दुर्गंध आ रही थी। इस दौरान एएसपी नगर डॉ. प्रवीण रंजन सिंह एवं सीओ सिटी ने फील्ड यूनिट टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस की मदद के लिए डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम को भी पटना स्थल पर भेजा गया। एसपी नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए स्वाट व सर्विलांस के साथ दो टीमें लगाई गई हैं।


बड़े नाले में डूबकर युवक की मौत 
सहसपुर। खेत पर घूमने गए युवक का पैर फिसलकर बड़े नाले में गिरने से डूबकर मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। नगर के मोहल्ला शेखान तलाई निवासी मोहम्मद तालिब (18) पुत्र मोहम्मद आरिफ रविवार दोपहर नगर के बड़े नाले के निकट स्थित अपने खेतों को देखने गया था। खेत के पास बने बड़े नाले पर पैर फिसलने के कारण वह नाले में डूब गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और नगर में स्थित एक निजी अस्पताल में ले गये, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सहसपुर चौकी इंचार्ज ने परिजनों द्वारा कार्रवाई न करने के अनुरोध पर शव का पंचनामा भर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि मोहम्मद तालिब कक्षा 10 में पढ़ रहा था। नगर पंचायत अध्यक्ष के पति हाजी अमजद अली, हाजी इदरीस अहमद, कुंवर उल्ला खान, सरफराज अहमद, वकील अहमद, चांद चौधरी, डॉ. अजीमुद्दीन ने परिजनों को ढांढस बंधाया।

ये भी पढ़ें : बिजनौर: 10 घंटे बाद मिले नदी किनारे झाड़ियों में फंसे बच्चियों के शव, धोई नदी में गिरा था सवारियों से भरा वाहन

संबंधित समाचार