Chitrakoot : तीर्थक्षेत्र में श्रद्धालुओं पर विमान से बरसाए गए फूल, पहली बार सोमवती अमावस्या पर हुई पुष्पवर्षा
चित्रकूट में सोमवती अमावस्या पर पुष्पवर्षा हुई।
चित्रकूट में सोमवती अमावस्या पर पहली बार पुष्पवर्षा हुई। तीर्थक्षेत्र में श्रद्धालुओं पर विमान से फूल बरसाए गए।
चित्रकूट, अमृत विचार। सोमवती अमावस्या के अवसर पर तीर्थक्षेत्र आने वालों के लिए सोमवार सुबह अद्भुत थी और अवसर अविस्मरणीय। पहली बार श्रद्धालुओं पर विमान से पुष्पवर्षा की गई।
गौरतलब है कि तीर्थक्षेत्र में अमावस्या के पर्व पर लाखों की भीड़ उमड़ती है। सावन मास के सोमवार में अमावस्या पड़ने का धार्मिक महत्व कई गुना बढ़ जाता है। रविवार से ही तीर्थक्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। सोमवार को तड़के से ही आस्थावानों ने मंदाकिनी में स्नान कर भगवान मत्यगयेंद्र नाथ का जलाभिषेक किया।
इसके बाद कामदगिरि की परिक्रमा की। सुहावने मौसम ने श्रद्धालुओं का भरपूर साथ दिया। जिले के प्राचीन शिव मंदिरों में भी भगवान शिव की पूजा अर्चना का दौर जारी रहा।
उधर, प्रदेश सरकार के निर्देश पर सोमवती अमावस्या के अवसर पर राजकीय विमानन विभाग के वायुयान से बेड़ी पुलिया से रामघाट व परिक्रमा मार्ग तक श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद और पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने तीर्थक्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधीनस्थों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए।
