Haldwani News: एसटीएच में महिला की मौत पर परिजनों ने जमकर काटा हंगामा
हल्द्वानी, अमृत विचार। एसटीएच में एक महिला की मौत हो गई। तीमारदारों व परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर प्राचार्य मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। अंत में जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए। राजपुरा वार्ड-13 निवासी चंदा देवी (60 वर्ष) को पेशाब नहीं आ रही थी और सूजन की शिकायत थी। इस पर रविवार की रात करीब 12 बजे उनका नाती विशाल आर्य ने उन्हें एसटीएच में भर्ती कराया। जहां सुबह 5 बजे तक तक उनका उपचार शुरू नहीं हुआ।
परिजनों के शोर मचाने के बाद सुबह करीब 6 बजे महिला को ग्लूकोज चढ़ाया गया। इसके चार घंटे बाद सुबह करीब 10:30 बजे महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होते ही परिजनों व तीमारदारों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि सुबह 5 बजे तक एक भी डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आया जबकि मरीज की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। परिजनों ने कई बार सूचना दी फिर भी कोई नहीं आया। डॉक्टर को सारी समस्या बताई लेकिन बीमारी, लक्षणों की अनदेखी की गई। इस वजह से महिला की मौत हो गई।
इस बीच उनकी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर्स से तीखी बहस हुई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। बाद में हंगामा बढ़ने पर प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी और डॉ. शहजाद मौके पर पहुंचे और हंगामा काट रहे लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने और लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। बाद में प्राचार्य ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए। बताया जा रहा है कि महिला की बेटी उमा देवी ने इलाज में लापरवाही की शिकायत की है।
वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि महिला की मौत पर तीमारदारों ने हंगामा काटा था। अभी परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर इलाज में लापरवाही के आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी: निर्धारित लक्ष्य के 3 माह बाद भी चौसला पेयजल योजना नहीं हुई पूरी
