हल्द्वानी: 2008 में 50 लाख की लागत से हुआ था सड़क निर्माण, आज बन गई दुर्घटना का केंद्र
आसपास के लोगों ने सीमेंट के खाली कट्टों में मलबा भरकर गड्ढे में डाला
सालों से नहीं हुई सड़क की मरम्मत, यात्री और वाहन चालक परेशान
हल्द्वानी, अमृत विचार। यहां रोडवेज परिसर की सड़क बदहाल हो चुकी है। सड़क में बने गड्ढों से हादसों का खतरा बना है। एक बड़े गड्ढे को स्थानीय लोगों ने सीमेंट के कट्टों में मलबा भरकर गड्डे को पाटने की कोशिश की है। एक दशक से भी अधिक समय से नगर निगम ने सड़क की मरम्मतीकरण की जहमत नहीं उठाई है।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस सरकार में वर्ष 2008 में करीब 50 लाख रुपये की लागत से सड़क की मरम्मत व डामरीकरण किया गया था। लेकिन वर्तमान में सड़क बदहाल हो चुकी है। आंतरिक सड़कों की जिम्मेदारी नगर निगम के पास है, लेकिन अभी तक सड़क के मरम्मत व गड्ढों को भरने की जहमत नहीं उठाई गई।
बारिश का पानी जमा होने से सड़क के गड्ढे वाहन चालकों को दिखाई नहीं पड़ता जिससे कई बार लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। इधर नगर निगम के एई नवल नौटियाल ने बताया कि पूर्व में लोनिवि ने सड़क की मरम्मत कराई थी फिलहाल इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की है। आने वाले दिनों में सड़क का सर्वेक्षण कर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
रोडवेज स्टेशन की सड़क जर्जर हो चुकी है। सड़क में जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिसके चलते यहां से निकलने वाले वाहन आए दिन गड्ढों की चपेट में आते रहते हैं।
-ललित मोहन परगई, दुकानदार
रेलवे स्टेश की ओर जाने वाली सड़क की हालत खराब हो चुकी है। मरम्मत न होने से सड़क बदहाल होती जा रही है। बारिश के दिनों में लोगों के सामने समस्या बढ़ जाती है।
-संजय पांडेय, दुकानदार
