नैनीताल: युवक की आत्महत्या के मामले में महिला पर मुकदमा दर्ज
युवक के परिजनों ने ज्योलीकोट चौकी का किया घेराव
पेड़ से लटक कर युवक ने की थी आत्महत्या
नैनीताल, अमृत विचार। बीती 11 जुलाई को नैनीताल के ज्योलीकोट क्षेत्र में युवक के आत्महत्या करने के मामले में तल्लीताल पुलिस ने क्षेत्रीय गांव की महिला के खिलाफ युवक को प्रताड़ित करने और आत्महत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
तल्लीताल थाने के एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया बीते 10 जुलाई को ज्योलीकोट निवासी युवक संजय जीना संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। उसका 11 जुलाई को क्षेत्रीय जंगल में शव पेड़ से लटका मिला था।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने क्षेत्रीय निवासी महिला पर युवक को प्रताड़ित करने समेत आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को ज्योलीकोट चौकी का घेराव किया। साथ ही महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी। इसके आधार पर महिला के खिलाफ युवक के उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
