बरेली: आप समझते हैं मैं सफाई नहीं कर सकती, ये गलतफहमी कोई न रखे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लाओ हटो फावड़ा छोड़ो, मैं नगर आयुक्त हूं तो क्या सफाई नहीं कर सकती। ये गलतफहमी कोई न रखे। कुछ इस अंदाज में सोमवार सुबह सुरेश शर्मा नगर पहुंची नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स सफाई नायक से फावड़ा छीनकर नाली की सिल्ट निकालने में जुट गईं। कुछ ही देर में नाली से उन्होंने काफी सिल्ट निकाल डाली।

सुरेश शर्मा नगर के लोगों ने सफाई न होने की शिकायत नगर आयुक्त से की थी। इस पर सोमवार सुबह साढ़े सात बजे नगर आयुक्त सुरेश शर्मा नगर पहुंची थीं। इस दौरान सफाई नायक, सफाई निरीक्षक विवेक कुमार समेत कई अफसर यहां मौजूद थे। लोगों ने नगर आयुक्त के सामने सफाई न होने की बात कही लेकिन कार्यवाहक सफाई नायक कमल कुमार ने बताया कि वह हर रोज सफाई कराते हैं। नालियों में जमी सिल्ट साफ दिख रही थी, लिहाजा सफाई नायक का झूठ सुनकर नगर आयुक्त नाराज हो गईं।

नगर आयुक्त ने कमल से कहा, आप समझते हैं कि क्या मैं सफाई नहीं कर सकती, ये गलतफहमी कोई न रखे, लाइए फावड़ा दीजिए। फावड़ा लेकर नगर आयुक्त नाली साफ करने में जुट गईं और काफी सिल्ट निकालकर बाहर रख दी। इसके बाद सफाईकर्मियों ने उनसे फावड़ा ले लिया और सफाई करने लगे। नगर आयुक्त ने इसके बाद दुर्गानगर, सम्राट अशोकनगर का भी निरीक्षण किया और छिड़काव कराया। वह दोपहर 12 बजे तक यहां रहीं। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को चेतावनी दी कि सफाई में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। वह कहीं भी कभी निरीक्षण कर सकती हैं। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने क्षेत्र में लोगों से नालियों पर किया अतिक्रमण हटाने को कहा।

सफाई नायक से हुई फावड़े की छीनझपट
नगर आयुक्त ने सफाई नायक कमल कुमार से सफाई करने के लिए फावड़ा लेना चाहा लेकिन उसने उसे नहीं छोड़ा। फावड़ा लेने की कोशिश के बावजूद सफाई नायक ने फावड़ा नहीं छोड़ा तो अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने सामने आकर कमल कुमार को डपटा। तब उसने फावड़ा छोड़ा तो नगर आयुक्त नाली से सिल्ट निकालनी शुरू की। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संचित शर्मा ने बताया कि कमल कुमार को सफाई नायक पद से हटा दिया गया है। उसे उसी वार्ड में सफाईकर्मी बनाया गया है।

लोगों ने पार्षद को बताया सफाई न होने का जिम्मेदार
लोग पार्षद शारदा गुप्ता को सफाई न होने के लिए जिम्मेदार बता रहे थे तो उनके बेटे बंटी का दावा था कि उन्होंने ही नगर आयुक्त को बुलवाया है। नीरज शर्मा एडवोकेट का कहना था कि लोगों की शिकायत पर नगर आयुक्त आई थीं। नीरज शर्मा ने बताया कि एक पुलिया टूटी है। आवाजाही में परेशानी हो रही है, लेकिन उसे बनवाया नहीं जा रहा है।

ये भी पढे़ं- बरेली: जीआरपी थाने से लेकर इंस्पेक्टर के घर तक सांप का खौफ

 

संबंधित समाचार