मुरादाबाद: फर्जी दरोगा बनकर नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े तीन लाख की ठगी
मुरादाबाद/पाकबड़ा, अमृत विचार। युवक ने फर्जी दरोगा बनकर नौकरी लगवाने के नाम पर महिला से 3.50 लाख रुपये ठग लिये। डेढ साल तक जब महिला के बेटे की नौकरी नहीं लगी तो पीड़िता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने पाकबड़ा पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
सोनकपुर थाना क्षेत्र के महमूद माफी निवासी पम्पी देवी पत्नी पंजाब सिंह का मायका मैनाठेर थाना क्षेत्र में लालपुर गंगवारी का है। पम्पी देवी ने बताया कि अक्टूबर 2021 में गंगवारी निवासी धर्मपाल ने उसके पिता से नाती की सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। इसके बाद धर्मपाल अपने भांजे जयपाल पुत्र सुशील निवासी ग्राम गुरैठा पाकबड़ा को लेकर पम्पी देवी के घर पहुंच गए। पम्पी देवी ने देखा तो जयपाल दरोगा की वर्दी मे था। उसने कहां कि में पुलिस में दरोगा हूं। श्रम विभाग में चपरासी की नौकरी निकली हुई हैं।
उसमें तुम्हारे बेटे अजय को मैं लगवा दूंगा। इसके बदले में तीन लाख पचास हजार रुपये जाएंगे। महिला झांसे में आ गई। उसने बीस हजार रुपये बैंक से और बाकी पैसे नकद दे दिए थे। इसके बाद बेटे के फोन पर निजी कंपनी के द्वारा मैसेज भिजवाया था कि तुम्हारा नंबर आने वाला है। फोन पर मैसेज आ रहे होंगे। बीच-बीच में उसे वह अपने साथ कभी दिल्ली तो कभी कहीं ले जाता था कि अब इंटरव्यू होना है।
इसी तरह से अब तक वह नौकरी का आश्वासन देता रहा। शक होने पर जब महिला ने उनसे पैसे मांगे तो वह इधर-उधर की बातें करने लगे। इसके बाद महिला ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। थाना प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। जिसमें महिला से नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप मामा-भांजे पर लगाया गया है। दरोगा बनकर ठगी की कोई जानकारी अभी नहीं हो पाई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: रोडवेज के नियमित परिचालक ने स्टेशन इंचार्ज पर मढ़ा आरोप
