बरेली: सूदखोर ने साथियों के साथ मिलकर किया युवक पर जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती
बरेली, अमृत विचार। सूदखोर ने अपने दबंग साथियों के साथ मिलकर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। उसको लहूलुहान करने के बाद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। जब इसकी जानकारी परिवार के लोगों को लगी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
भुता थाना क्षेत्र के मगरासा गांव निवासी 40 वर्षीय धर्मवीर ने बताया कि गांव के ही रहने वाले ओमप्रकाश से व्याज पर 6 महीने पहले 2 लाख रुपए उधार लिए थे। जिसके चलते सूद समेत 6 लाख 86 हजार रुपए वापस कर चुका है। जिसके चलते सूदखोर ओमप्रकाश 2 लाख रुपए और मांग कर रहा था। जब धर्मवीर ने इसका विरोध किया तो मंगलवार की देर ओमप्रकाश अपने साथियों के साथ आया और उसको पीटने लगा।
साथ ही उस पर तमंचे से फायर भी खोल दिया। गनीमत रही फायर मिस हो गया। उसके बाद तमंचे की बट से उसको अपने साथियों के साथ इतना पीटा वह लहूलुहान हो गया। वह लोग उसे लहूलुहान अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। इसकी जानकारी परिवार के लोगों को हुई तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- बरेली: अवैध रूप से बनाता था तेजाब, दुर्गंध से बिगड़ी चार बच्चों समेत पांच की हालत
