रुद्रपुर: वार्ड 33 में 25 लाख की लागत से बनेगा वॉकिंग ट्रैक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीरेन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर के वार्ड 33 में जिले का पहला वॉकिंग ट्रैक बनने जा रहा है। अगले तीन माह में यानी अक्टूबर तक यह ट्रेक बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने के बाद लोगों को बड़े नाले की गंदगी से निजात मिलेगी। साथ ही सुबह और सायं के समय महिलाएं, बुजुर्ग और युवा इस ट्रैक पर घूम सकेंगे। निगम ने विगत दिनों इस ट्रैक को बनाने के लिए नाले का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।

दरअसल, वार्ड 33 सिंह कालोनी में ट्रैक का निर्माण बड़े नाले को कवर करके बनाया जा रहा है। इसके बन जाने से जहां नाले से फैलने वाली गंदगी से छुटकारा मिलेगा। साथ ही लोग सुबह शाम इसमें टहल भी सकेंगे। शहर का यह पहला वॉकिंग ट्रैक भी होगा। वहीं, सुबह शाम महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं को टहलने के लिए ट्रैक मिलने से लोगों की सेहत भी दुरुस्त होगी। जगह के अभाव में लोग सुबह-शाम टहलने नहीं जा पाते हैं। इस ट्रैक के निर्माण से लोगों को घर के पास ही ट्रैक मिल सकेगा।

खास बात यह है कि 25 लाख की लागत से बनने वाले इस ट्रैक पर एक्यूप्रेशर वाली टाइलें लगायी जाएगी, ताकि लोग अधिक से अधिक स्वास्थ्य लाभ ले सकें। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार तीन माह में इस ट्रैक का निर्माण हो जाएगा। इसके बाद इसे वार्ड के लोगों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। इसके बाद भविष्य में शहर के अन्य वार्डों में भी बड़े नालों को कवर करके इसी तरह के ट्रैक बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।


रुद्रपुर शहर को मॉडल के रूप में विकसित किया जाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए वार्ड 33 में बड़े नाले को कवर कर वॉकिंग ट्रेक बनाया जा रहा है। इसके बनने के बाद लोग इसमें टहल सकेंगे और स्वास्थ्य का लाभ ले सकेंगे। भविष्य में अन्य वार्डों में भी जगह मिलने पर इसी तरह के वॉकिंग ट्रेक बनाए जाएंगे।

-रामपाल सिंह, मेयर, रुद्रपुर नगर निगम

संबंधित समाचार