रुद्रपुर: पति की तनख्वाह नहीं बढ़ाने पर किया था वृद्धा पर हथौड़े से हमला
11 जुलाई की घटना का पुलिस ने खुलासा कर आरोपी शिक्षिका को गिरफ्तार किया, हथौड़ा भी बरामद
रुद्रपुर, अमृत विचार। बुजुर्ग महिला पर हथौड़े से प्राणघातक हमला करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हमले में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद किया है। पुलिस ने जब हमला करने का कारण पूछा तो आरोपी महिला की कहानी सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।
शिक्षिका ने बताया कि उसने अपने पति के अपमान व तनख्वाह नहीं बढ़ाने का बदला लेने के लिए कदम उठाया था, क्योंकि बुजुर्ग का बेटा एक कंपनी में ऊंचे ओहदे पर है और उसका पति कंपनी में सुपरवाइजर है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
बुधवार को खुलासा कर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ तपेश कुमार ने बताया कि आवास विकास निवासी आरिंदा भाटिया ने चौकी पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 11 जुलाई की सुबह को मुंह ढकी एक अज्ञात महिला उसके घर में घुसी और गैरमौजूदगी में अलमारी का लॉकर खोलने की कोशिश करने लगी।
घर पर अकेली बुजुर्ग मां पूनम भाटिया ने रोकने की कोशिश की तो अज्ञात महिला ने हथौड़े से प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बुधवार को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थाना प्रभारी ट्रांजिट कैंप प्रभारी सुंदरम शर्मा और आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोहरा ने पुलिस टीम के साथ आरोपी महिला के घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी महिला का नाम जगतपुरा आवास विकास निवासी रवलीन कौर है। वह बगवाड़ा स्थित निजी सीबीएसई स्कूल में शिक्षिका है और पति रमनदीप सिंह बुजुर्ग महिला के बेटे दीपक भाटिया की कंपनी में सुपरवाइजर हैं।
आरोप था कि बुजुर्ग का बेटा ऊंचे ओहदे पर होने के कारण पति को प्रताड़ित करता था। यहां तक कि उसने सभी कर्मचारियों की तनख्वाह में वृद्धि की, मगर उसके पति की तनख्वाह नहीं बढ़ाई। जबकि बुजुर्ग महिला उसके पति को अपना बेटा जैसा समझती है।
इस प्रताड़ना के कारण उसका पति मानसिक अवसाद से गुजर रहा था। पति के अपमान का बदला लेने के लिए उसने बुजुर्ग महिला पर घर में घुसकर हथौड़े से प्रहार किया, ताकि उसके बेटे से बदला लिया जा सके।
