हल्द्वानी: अंकित हत्याकांड - माही से 8 घंटे पीछे रह गई पुलिस, पीलीभीत में नौकरानी के घर से चकमा देकर निकल गए चारों हत्यारोपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोबरा से डसवा कर प्रेमी अंकित चौहान की जान लेने वाली माही उर्फ डॉली को बिल्लियों से बहुत प्यार है और हत्या के बाद उसने अपनी प्यारी बिल्लियों की भी परवाह की। पुलिस माही तक पहुंच जाती, लेकिन वह उनसे 8 घंटे की देरी हो गई और माही अपनी प्यारी बिल्लियों और अन्य हत्यारोपियों के साथ पीलीभीत से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। चारों हत्यारोपियों की तलाश में एसओजी और पुलिस की 3 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। 
     

शांति विहार कालोनी गोरापड़ाव निवासी माही उर्फ डॉली पुत्री इंद्रलाल, हैदरगंज पीलीभीत निवासी नौकरानी ऊषा देवी और ऊषा के पति रामऔतार तथा हल्दूचौड़ निवासी माही के प्रेमी दीप कांडपाल हत्या के मामले में फरार हैं। इस मामले में सांप से डसवाने वाला सपेरा भोजीपुरा बरेली निवासी रमेश नाथ पुत्र भजन नाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि माही ने घर में दो बिल्लियां पाली थीं और इनसे माही को खासा लगाव था। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद शव को ठिकाने लगाने का प्लान जब फ्लॉप हुआ तो सबसे पहले माही ने घर से रुपये और आभूषण बटोरे और फिर निकलने से पहले अपनी पालतू बिल्लियों को भी साथ लिया। माही अपनी बिल्लियों को लेकर चारों साथियों के साथ हल्द्वानी से पहले दिल्ली, दिल्ली से बरेली और फिर बरेली से पीलीभीत नौकरानी के घर गई। 
   

माही को पता था कि पुलिस उस तक कभी भी पहुंच सकती है, इसलिए वह वहां ज्यादा देर नहीं रुकी और फिर बिल्लियों को लेकर हत्या में शामिल साथियों के साथ फरार हो गई। अंदेशा जताया जा रहा है कि वह नेपाल की ओर गई है। इधर, तलाश में निकली पुलिस जब पीलीभीत पहुंची तो पता लगा कि माही 7-8 घंटे पहले ही वहां से निकल चुकी है। माही व अन्य हत्यारोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की 3 टीमें और एसओजी अब पीलीभीत से नेपाल जाने वाले रास्ते पर लगे एक-एक सीसीटीवी को खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 


एसओजी और पुलिस की 3 टीमें चारों हत्यारोपियों की तलाश में है। चारों को आखिरी बार पीलीभीत में ट्रेस किया गया था, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही सभी वहां से फरार हो गए। हमारी टीम जिस तेजी से काम कर रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  
-पंकज भट्ट, एसएसपी नैनीताल 


पति कांवड़ लेकर गए हैं और मैं मायके जा रही हूं
हल्द्वानी : तीनपानी रेलवे क्रासिंग पर दीप कांडपाल और नौकरानी का पति रामऔतार, अंकित के शव के साथ थे। इधर, प्लान फ्लॉप होने के बाद माही ने फरार होने की तैयारी कर ली थी और नौकरानी ऊषा को भी बता दिया था। ऊषा अपने दो बच्चों के साथ देर रात जब घर से निकल रही थी, तब पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पूछ लिया कि वह कहां जा रही है। इस पर ऊषा ने पड़ोसियों को जवाब दिया कि उसके पति कांवड़ लेकर हरिद्वार गए हैं। वह बच्चों के साथ घर में अकेली है, ऐसे में वह अपने मायके जा रही है। 


3 दिन में सलाखों के पीछे होंगे चारों हत्यारोपी
हल्द्वानी : माही और उसके हत्यारोपी साथी पुलिस की पहुंच से मात्र 8 घंटे दूर हैं, लेकिन ये दूरी इतनी भी कम नहीं है, जितना पुलिस आंक रही है। एसओजी का हर एक सिपाही इस वक्त सिर्फ माही और उसके साथियों की तलाश में है। लुकाछिपी के इस खेल में पुलिस के लिए सबसे बड़ी परेशानी का सबब यह है कि सभी हत्यारोपियों के फोन बंद है, जिसके चलते उनकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही। हालांकि एसएसपी पंकज भट्ट ने दावा किया है कि सभी हत्यारोपियों को 3 दिन में सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा। 

 

संबंधित समाचार