बरेली: हरियाली पर फिर चली आरी, ठेकेदार पर केस दर्ज
बरेली, अमृत विचार। शहर की हरियाली को उजाड़ा जा रहा है। आलम यह है कि अब पेड़ों को काटने के लिए वन विभाग की अनुमति लेना भी जरूरी नहीं समझा जा रहा है। बुधवार को एक पार्क में जामुन के पेड़ पर आरी चलवा दी गई। सूत्रों के अनुसार एक जनप्रतिनिधि और नगर निगम की शह पर पेड़ काटे जा रहे थे। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरी व अन्य उपकरण जब्त कर लिए। मामले में ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ जुर्माना लगाया गया है।
सुबह 9 बजे वार्ड 23 के राजेंद्र नगर ए ब्लॉक में पार्क के पेड़ों पर आरी चल रही थी। यह देखकर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलबी साधना व अन्य लोगों ने अधिकारियों को सूचना दी। मामला वन मंत्री अरुण कुमार तक पहुंच गया।
जानकारी मिलने के बाद वन दरोगा योगिता कौशल टीम के साथ मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक प्रतिबंधित प्रजाति जामुन का एक विशाल पेड़ काट दिया गया था। इसके अलावा कचनार का भी पेड़ काट दिया गया। पेड़ काट रहे लोगों से अनुमति मांगी तो वे नहीं दिखा सके। वन विभाग ने मामले में ठेकेदार अजीज खां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसके अलावा आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बताया जा रहा है कि नगर निगम से टीम भेजी गई थी। स्थानीय पार्षद सतीश कातिब ने बताया कि उनके वार्ड में कई जगह पेड़ पूर्व में गिर गए थे। इसके अलावा कई विशालकाय पेड़ लोगों के लिए खतरा बन चुके हैं। यह मुद्दा उन्होंने बोर्ड बैठक में उठाया था। उन्होंने केवल पेड़ों की छटाई के लिए कहा था।
बुधवार को जब ठेकेदार पेड़ काटने के लिए पहुंचा तो वह बोर्ड की बैठक में थे। वहीं, एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ठेकेदार यह कहता दिख रहा है कि पार्क के सामने रहने वाले एक परिवार के कहने पर उसने पेड़ को जड़ से काट दिया। क्षेत्रीय वनाधिकारी हरीश कुमार मेहता ने बताया कि बिना अनुमति के पेड़ काटे जा रहे थे। मामले में वन विभाग ने ठेकेदार पर केस दर्ज किया है।
हरे-भरे इलाकों को उजाड़ रहे
शहर की मुख्य सड़कों को स्मार्ट सिटी के नाम पर चमका तो दिया गया लेकिन यह स्मार्टनेस 10 हजार से ज्यादा पेड़ों की बलि देने के बाद मिली है। खास तौर से शहर के हरे भरे इलाकों से पेड़ काटकर उन्हें उजाड़ दिया गया है। शहर से गायब होती हरियाली का मुद्दा बीते दिनों पर्यावरण प्रेमियों ने उठाया भी, लेकिन जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
ये भी पढे़ं- बरेली: चोरों ने सरकारी स्कूल पर बोला धावा, ताले तोड़कर पंखे-बर्तन चुराकर फरार
