शाहजहांपुर: डीएम से गुहार के बाद भी नहीं मिला कब्जा, कलेक्ट्रेट में भूख हड़ताल पर बैठा किसान परिवार
शाहजहांपुर, अमृत विचार। डीएम से गुहार लगाने के एक महीना बाद भी किसान परिवार को खरीदी गई जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका। इससे नाराज परिवार बुधवार को कलेक्ट्रेट पर अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठ गया। जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और परिवार से भूख हड़ताल से उठने को कहा, लेकिन परिवार नहीं माना और डीएम से मिलने की गुहार लगाने लगा।
डीएम तो परिवार नहीं मिल सका, लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश मिश्र ने परिवार को चार-पांच दिन में समस्या का निराकरण करने का अश्वासन दिया। जिसके बाद परिवार मौके से चला गया, लेकिन जमीन पर कब्जा न मिलने पर दोबारा भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी।
चिनौर गांव की निवासी राजरानी अपनी बहू सपना, देवरानी और बच्चों के साथ बुधवार सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचीं। यहां पूरे परिवार के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गईं। राजरानी ने बताया कि उन्होंने कुछ जमीन संजय कुमार और सपना के नाम पर खरीदी थी। यह जमीन ग्राम मधवामई में राजकीय राजमार्ग के किनारे स्थित है। जमीन का दाखिल खारिज हो चुका है। विक्रेता का अब कोई अंश बकाया नहीं है। फिर भी विक्रेता उनकी खरीदी हुई भूमि पर नाजायज कब्जा किये हुये है।
उन्होंने जमीन छोड़ने के लिए कहा तो आरोपी ने कई तारीखें जमीन पर कब्जा छोड़ने के लिए दीं, लेकिन अभी तक जमीन पर कब्जा नहीं दिया है। लगभग एक महीना पहले उन्होंने डीएम से मिलकर जमीन पर कब्जा दिलाए जाने की मांग की थी। डीएम ने उचित कार्रवाई का अश्वासन भी दिया था, लेकिन इसके बाद भी उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका। वह एक महीने से इधर से उधर भटक रही हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। कोई रास्ता न देख अब वह मय बच्चों के भूख हड़ताल पर बैठ गईं हैं।
इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिवार से भूख हड़ताल से उठने को कहा। परिवार ने कहा कि उन्हें एक बार डीएम से मिलवा दिया जाए, लेकिन उनकी डीएम से मुलाकात नहीं कराई गई। बाद में परिवार के संजय कुमार सिटी मजिस्ट्रेट से मिले। मिलने के बाद संजय ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट की ओर से उन्हें चार-पांच दिन में उचित कार्रवाई करने का अश्वासन दिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट के अश्वासन पर वह भूख हड़ताल से उठ रहे हैं, लेकिन अगर पांच दिन में उनकी जमीन से कब्जा न हटा तो वह दोबारा भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: तिलहर चीनी मिल को 16.39 लाख के भुगतान को नोटिस जारी करने के निर्देश
