लखीमपुर-खीरी: छज्जा निकालने के विवाद में बुजुर्ग की हत्या, पांच घायल
धौरहरा, अमृत विचार। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के होलागढ मजरा कफारा गांव में छज्जा निकालने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी धौरहरा लाया गया, जहां 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई हैं। जिन्हें डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
होलागढ मजरा कफारा गांव निवासी शैलेंद्र वर्मा अपने मकान का छज्जा रास्ते की ओर निकाल रहे थे। जिस पर पड़ोसी कौशल वर्मा ने विरोध किया और एसडीएम धौरहरा को प्रार्थना पत्र देकर स्थगन आदेश ले लिया। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने शैलेंद्र वर्मा को छत का छज्जा निकालने से रोक दिया। साथ ही पुलिस ने दोनों पक्षों पर शांति भंग की कार्रवाई की और अग्रिम आदेश तक छज्जा न निकालने की हिदायत भी दी थी।
मृतक के पुत्र कौशल वर्मा के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर वह अपने भाईयों के साथ लखीमपुर गए थे। इसी बीच शैलेंद्र वर्मा,अश्वनी वर्मा, सतेंद्र वर्मा, बनवारी वर्मा दस बारह मजदूरों को बुलाकर छज्जा डालने लगे, जिसका विरोध करने पर पहले गाली गलौज की फिर मारपीट करने लगे। आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में चुन्नूलाल (70) राधे श्याम (60) रामकुमार (62) गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे पक्ष के अश्वनी वर्मा (35) शैलेंद्र वर्मा (30) और रामफेरन वर्मा (60) को भी चोटे आईं। सभी घायलों को पुलिस सीएचसी धौरहरा लाई।
जहां इलाज के दौरान चुन्नूलाल वर्मा के सिर में नुकीली वस्तु लगे होने और चोटों के चलते मौत हो गई। जबकि घायल राधेश्याम और रामकुमार और दूसरे पक्ष के अश्विनी को डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र कौशल किशोर की तहरीर पर शैलेंद्र वर्मा, अश्विनी, रामफेरन आदि के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शैलेंद्र वर्मा, अश्विनी वर्मा और रामफेरन वर्मा को इलाज के दौरान हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
दोनों पक्षों के बीच छज्जा निकालने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें ईंट पत्थर भी चले हैं। चुन्नूलाल की मौत हो गई है। रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।-प्रीतम पाल सिंह सीओ, धौरहरा
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: दो बार दिया तलाक...कराया हलाला, फिर तलाक देकर घर से भगाया
