Banda Crime News : खेत की रखवाली कर रहे युवक की लाठियों से पीटकर हत्या 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव का है मामला 

बांदा, अमृत विचार। खेत में बकरी घुसने को लेकर हुए विवाद में खेत की रखवाली कर रहे युवक की बुधवार की रात लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।  एक नामजद समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 

बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव निवासी ब्रजमोहन (40) पुत्र श्यामलाल अपने खेत की रखवाली कर रहा था। इसी बीच पड़ोसी गुड्डू खान के भतीजे शनी खान ने अपनी बकरियां ब्रजमोहन के धान खेत में छोड़ दिया। इस पर ब्रजमोहन ने मना किया। इसी बात को लेकर शनी खान ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोरगुल सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए। किसी तरह समझा बुझाकर मामले को शांत करा दिया। 

ब्रजमोहन बुधवार की रात खेत की रखवाली कर रहा था। तभी पांच लोगों ने यूकेलिप्टिस के सेक्टर के पास उसकी लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। शोरशराबा सुनकर नजदीक में काम कर रहा मृतक का छोटा भाई शिवमोहन मौके पर पहुंच गया। देखा तो उसका भाई खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। शिवमोहन ने आनन-फानन घटना की सूचना पुलिस को दी। सीओ बबेरू राकेश सिंह, थानाध्यक्ष कृष्णदेव त्रिपाठी, चौकी प्रभारी ओरन सुभाषचंद्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

शिवमोहन ने बताया कि ब्रजमोहन धान की बेड़ की रखवाली कर रहा था, तभी पड़ोसी गुड्डू खान के भतीजे ने अपनी बकरियां उसके खेत में छोड़ दिया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। उसके भाई की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष बिसंडा कृष्णदेव त्रिपाठी ने बताया कि शिवमोहन की तहरीर पर पुलिस ने गुड्डू को नामजद करते हुए चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। माता, पिता की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। बड़ा भाई राममोहन करीब 20 वर्ष पहले सूरत कमाने गया था, तब से लेकर अब तक उसका कुछ पता नहीं चला। मृतक ब्रजमोहन अविवाहित था।

ये भी पढ़ें -हमीरपुर : विरमा नदी में बहा ट्रैक्टर, किसान ने कूदकर जान बचाई

संबंधित समाचार