हमीरपुर : विरमा नदी में बहा ट्रैक्टर, किसान ने कूदकर जान बचाई
मुस्करा /हमीरपुर, अमृत विचार। थानाक्षेत्र के बिलगांव में विरमा नदी के रपटा पर पानी के तेज बहाव से एक ट्रैक्टर बह गया। चालक ने कूद कर जान बचाई। इसके बाद दो जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रैक्टर को नदी से बाहर निकाला गया।
बिलगांव गांव निवासी त्रिवेणी राजपूत ने बताया बुधवार को उसका पुत्र भूपेंद्र राजपूत खेत की जुताई कर ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था। तभी गांव के बाहर से बह रही विरमा नदी पर बने रपटे से जैसे ही उसने ट्रैक्टर निकला। तभी पानी के तेज बहाव में ट्रैक्टर बहने लगा। इस पर भूपेंद्र ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। वहीं ट्रैक्टर बहते हुए नदी में समा गया। इसके बाद दो जेसीबी मशीनों के जरिए कड़ी मशक्कत के बाद खोजबीन कर उसे बाहर निकाला जा सका।
गांव निवासी दीपक यादव ने बताया कि मुख्य मार्ग पर रपटे से होकर ग्रामीणों का आवागमन होता है। जब भी तेज बारिश होती है तो रपटे के ऊपर से पानी बहने लगता है। जिससे बरसाती मौसम में आवागमन प्रभावित रहता है। बताया कई बार जनप्रतिनिधियों से पुल निर्माण की मांग कर चुके हैं। बताया रपटे से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ये भी पढ़ें -मणिपुर घटना पर सपा नेता स्वामी प्रसाद का बड़ा बयान, कहा - सार्वजनिक रूप से माफी मांगें PM
