बरेली: किसान को बेच दिया मक्के का नकली बीज, पौधे पर नहीं आए फल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सिरौली इलाके के गांव वराधानपुर के किसान विमलेश कुमार ने दुकानदार पर मक्के का नकली बीज देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नकली बीज देने की वजह से उनकी दो एकड़ फसल बर्बाद हो गई। अफसरों से शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने मामले की शिकायत मुख्य सचिव से की थी। डीएम ने जिला कृषि अधिकारी से जांच रिपोर्ट मांगी है।

पीड़ित किसान विमलेश कुमार के मुताबिक अप्रैल में उन्होंने ब्योधनखुर्द क्षेत्र के एक बीज भंडार से 580 रुपये प्रति किलो के भाव से 14 किलो मक्के का बीज खरीदा था, इसे उन्होंने दो एकड़ खेत में लगाया। पौधों पर फल आने का समय आया तो किसी पर नहीं आया। इसकी शिकायत दुकानदार से की लेकिन वह बदसलूकी करते हुए उन्हें धमकाने लगा।

उन्होंने बताया कि फसल में उनकी 30 हजार रुपये लागत लगी। उन्होंने रामनगर में कृषि विभाग के स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की। वहां से कार्रवाई नहीं हुई तो आंवला तहसील में शिकायत की। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो जिला कृषि अधिकारी को शिकायती पत्र दिया लेकिन यहां से भी निराशा ही हाथ लगी।

15 जुलाई को मुख्य सचिव दुर्गा शंकर प्रसाद आंवला के दौरे पर आए तो विमल ने उन्हें प्रार्थना पत्र दिया और पूरे मामले से अवगत कराया। मुख्य सचिव के निदेश के बाद डीएम ने मामले का संज्ञान लिया और जिला कृषि अधिकारी को जांच सौंपते हुए आख्या देने को कहा। इसके बाद दुकानदार को नोटिस जारी किया गया।
वर्जन

किसान विमलेश के खेत का सर्वे किया जा चुका है। डीएम का पत्र मिलने के बाद इस मामले में जिस दुकान से बीज लेने के बात कही गई है, उस दुकानदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। - धीरेंद्र चौधरी, जिला कृषि अधिकारी

ये भी पढे़ं- बरेली: 20 साल से बिजली को तरस रहे शांति विहार कॉलोनी के लोग

 

संबंधित समाचार