संभल: तमंचे के बल पर महिलाओं से लूटे आभूषण, दो नकाबपोश बदमाशों को पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नखासा थाना क्षेत्र के ककरौआ मिलक गांव में दो घरों में हुई वारदात

संभल, अमृत विचार। नखासा थाना क्षेत्र के गांव में नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो महिलाओं के आभूषण लूट लिये। इस दौरान एक महिला जख्मी हो गई। महिलाओं के शोर मचाने पर नींद से जागे परिजनों ने दो बदमाशों  को पकड़ लिया। जबकि तीन बदमाश भागने में कामयाब हो गए। सूचना मिलने पर मज्ञैके पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गये बदमाशों को हिरासत में ले लिया।              
 
थाना क्षेत्र के गांव ककरौआ मिलक निवासी शकील गुरुवार की रात अपनी पत्नी कमर जहां और बच्चों के साथ घर के आंगन में सो रहा था। देर रात नकाबपोश पांच बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस गए। बदमाशों ने सो रही कमरजहां के कानों से सोने के कुंडल खींच लिए। जिससे महिला के दोनों कान जख्मी हो गए और उसकी चीख निकल गई।

 चीख पुकार सुनकर परिजन जाग गए तो बदमाश तमंचा लहराते हुए गोली मारने की धमकी देते हुए भाग गए। जिसके बाद बदमाश कुछ ही दूरी पर शकील के भाई जुल्फेकार के घर में घुस गए और वहां भी हथियारों के बल पर जुल्फेकार की पत्नी नाजमा के कानों से कुंडल व कानों की दुरिया लूटकर जाने लगे। महिला ने शोर मचाया तो अन्य परिजन व मोहल्ला के लोग जाग गए और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन बदमाश ग्रामीणों के गोली मारने का भय दिखाते हुए भागने लगे।

ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़कर पीटा, पुलिस को सौंपा
संभल। साहस दिखाते हुए जुल्फेकार ने ग्रामीणों की मदद से कुछ ही दूरी पर बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान दो बदमाशों को पकड़कर उनकी पिटाई की, जबकि तीन बदमाश भागने में कामयाब हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बदमाशों को  हिरासत में ले लिया। शुक्रवार की सुबह दोनों महिलाएं परिजनों के संग थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। देहपा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रोशनलाल ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक गांव के ही हैं। इसा मामले में पुरानी रंजिश के चलते उन्हें फंसाये जाने की भी आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।

घर के बाहर सो रही महिला के कुंडल खींचे
संभल, अमृत विचार: नखासा थाना क्षेत्र के गांव फत्तेपुर देव निवासी अनीस ने शुक्रवार को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया कि गुरुवार की रात गर्मी अधिक होने से पत्नी सहित घर के बाहर सो रहा था। देर रात चोरों ने पत्नी के कानों से सोने के कुंडल खींच लिए और फरार हो गए। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकठ्ठा हो गए और चोरों की तलाश की,लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: नामचीन कंपनी का लोगो लगाकर फर्जी कपड़े बेच रहे दुकानदार, रिपोर्ट

संबंधित समाचार