पौधरोपण अभियान : कृषि मंत्री ने अयोध्या में की शुरुआत, जनपद में रोपे गए 34.38 लाख पौधे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। जनपद में शनिवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सरयू तट पर राजघाट के निकट नंदन वन का विधिवत पूजा पाठ करके पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ किया। इसके बाद सभी ने नंदन वन में पौधे रोपित किये। शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण के संकल्प में अपनी-अपनी हिस्सेदारी निभानी है। उन्होंने कहा कि अभियान में अयोध्या को 41.72 लाख का लक्ष्य शासन द्वारा प्राप्त हुआ है। प्रथम चरण में 34.38 लाख पौधों का रोपण जनपद में किया गया। शेष 6.33 लाख पौधों का रोपण द्वितीय चरण में स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को किया जायेगा।
   
उन्होंने कहा कि हरियाली के साथ-साथ जल संरक्षण करने तथा बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने हेतु वृहद पैमाने पर पौधरोपण जरूरी है। भावी पीढ़ी को यदि बचाना है तो वृहद स्तर पर पौधोरोपण करें। उन्होंने उपस्थित बच्चों व विभिन्न विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को सम्बोधित करते हुये कहा कि सभी लोग एक-एक पौधा अवश्य लगाएं। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि 15 अगस्त को रामपुर हलवारा में स्थित डेढ़ सौ एकड़ भूमि पर वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जायेगा। 

उन्होंने बताया कि तहसील रुदौली में 80 हेक्टेयर भूमि पर जनपद के पहले जैव विविधता पार्क के निर्माण की शासन से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। शीघ्र ही इसको विकसित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा। कृषि मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा कृषक भाइयों को मिलेट्स यथा सावां, कोदव, बाजरा आदि के बीजों की मिनी किट्स प्रदान की गई। इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी,
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, राम चंद्र यादव, प्रमुख सचिव उद्योग, गन्ना विकास व आबकारी/जनपद की नोडल अधिकारी वृक्षारोपण अभियान वीना कुमारी मीना, एसएसपी राजकरन नैय्यर, सीडीओ अनिता यादव आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -बाराबंकी : अव्यवस्था से परेशान नवोदय विद्यालय के छात्रों ने किया प्रदर्शन

संबंधित समाचार