किच्छा: उत्तराखंड में स्मैक तस्करी करने पहुंचे बाइक सवार युवक को लाखों की स्मैक के साथ दबोचा
किच्छा, अमृत विचार। नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत किच्छा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने यूपी से उत्तराखंड में स्मैक तस्करी करने पहुंचे बाइक सवार युवक को लाखों की स्मैक के साथ दबोच लिया।
पकड़ा गया आरोपी पूर्व में भी स्मैक तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा के दिशा निर्देशन में कोतवाली पुलिस की टीम ने बीती देर रात्रि उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित ग्राम दरऊ में गुरुनानक पैट्रोल पंप के निकट चेकिंग के दौरान मोहल्ला अफसारियान, थाना मीरगंज, जिला बरेली, यूपी निवासी अजीम अहमद उर्फ बबलू के पास से 125.50 ग्राम स्मैक बरामद की है।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि कोतवाली निरीक्षक धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान आरोपी अजीम अहमद उर्फ बबलू के पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद कर कब्जे में ले ली। पूछताछ में आरोपी अजीम ने बताया कि उसके द्वारा चंदपुर सनिया, थाना सीबीगंज, बरेली निवासी तस्लीम चाचा से सस्ते दाम पर स्मैक खरीदी गई थी और ग्राम बदनपुरी, खजुरिया निवासी सलीम को स्मैक देने आया था जो कि किच्छा के दरऊ क्षेत्र में टेंपो चलाने का काम करता है।
आरोपी अजीम वर्ष 2021 में स्मैक तस्करी के आरोप में मीरगंज थाने से जेल भी जा चुका है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जांच के दौरान प्रकाश में आए लोगों की संलिप्तता के बारे में भी जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने आरोपी अजीम को न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 12 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा, कोतवाली निरीक्षक धीरेंद्र कुमार के अलावा एसएसआई विनोद फर्त्याल, दरऊ चौकी प्रभारी दीवान सिंह बिष्ट, पुलिसकर्मी महेश कोली, उमेश सिंह एवं उम्मेद गिरी मौजूद रहे।
टीम का ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा
किच्छा। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पूर्व भी चौकी प्रभारी दीवान सिंह बिष्ट द्वारा करीब एक लाख कीमत की स्मैक के साथ दो आरोपियों को पकड़ा गया था। उनके द्वारा एसआई दीवान सिंह बिष्ट का नाम एम्पलॉई ऑफ द मंथ अवार्ड के लिए प्रेषित किया जाएगा।
