पौधरोपण अभियान : डिप्टी CM ने लगाया पौधा, कहा - पर्यावरण को रखना होगा स्वच्छ और सुंदर
प्रयागराज, अमृत विचार। प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण जन अभियान-2023 कार्यक्रम को लेकर शनिवार को प्रयागराज में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के साथ मुख्य कार्यक्रम सरदार बल्लभ भाई पटेल सौ शैया अस्पताल, भगवतपुर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दीप प्रज्जवलन व हरिशंकरी वाटिका मे पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या ने कहा कि आज पूरे प्रदेश व प्रयागराज के लिए ऐतिहासिक दिन है। हम सबके सामने वन और जल को बचाने की चुनौती है, अगर हमें आने वाली पीढ़ियों को बचाना है, तो हमें पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर रखना होगा, जिसके लिए हमें बड़े पैमाने पर पौधरोपण करना होगा।
उन्होंने कहा कि पौधों का रोपण ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी महत्वपूर्ण है। जिस प्रकार घर का कोई सदस्य बीमार पड़ जाता है, तो घर के अन्य सदस्य पूरी जिम्मेदारी के साथ उसकी देखरेख करते है, उसकी सेवा करते है, उसी प्रकार आप लोगो के द्वारा लगाए गये पौधों को भी आपके विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है।
प्रदेश सरकार इतने बड़े पैमाने पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर वन क्षेत्र को बढ़ाने का प्रयास कर रही है, जिसमें आप सभी लोगो के जनसहभागिता की विशेष आवश्यकता होगी। उन्होंने कार्यक्रम को जनआंदोलन के रूप में लेने के लिए लोगो से अपील की। कहा कि आज हम सभी लोग यह प्रण लें कि रोपित किए गए पौधों की रक्षा करेंगे। उन्होंने लोगो से अपने घर के सदस्यों के नाम पर भी एक-एक पेड़ लगाने एवं उनकी देखभाल करने को कहा। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चो, ग्राम प्रधान, वन रक्षकों, एनसीसी के बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, विधायक शहर पश्चिमी सिद्धार्थ नाथ सिंह, अवधेश चन्द्र गुप्ता, पूर्व विधायक दीपक पटेल ने भी पौधरोपण किया। प्रभागीय वनाधिकारी महावीर कोलागजी ने बताया कि आज वृहद पौधरोपण कार्यक्रम के अवसर पर जनपद प्रयागराज में लगभग 64 लाख पौधों का रोपण किया गया।
ये भी पढ़ें -Ram Mandir Ayodhya : गर्भगृह संवारने को जुटी आर्किटेक्ट की टीम
