गुरबानी प्रसारण के लिए ‘एसजीपीसी श्री अमृतसर’ वेब चैनल शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने सचखंड हरमंदिर साहिब से गुरबाणी कीर्तन को दुनिया भर के लोगों तक पहुंचाने के लिए रविवार को अपना यूट्यूब/वेब चैनल जारी किया है।

इस संबंध में गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह जी में  अखंड पाठ साहिब भोग के बाद गुरुद्वारा मंजी साहिब दीवान हॉल में गुरमत समारोह आयोजित किया गया, जहां आधिकारिक तौर पर वेब चैनल लॉन्च किया गया।

शिरोमणि कमेटी द्वारा गुरबानी प्रसारण के लिए बनाए गए इस चैनल का नाम ‘एसजीपीसी अमृतसर’ रखा गया है, जो यूट्यूब और फेसबुक पर उपलब्ध होगा। चैनल के शुरुआत समारोह में शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है, जब शिरोमणि कमेटी अपने स्तर पर गुरबानी प्रसारण की शुरुआत कर रही है।

उन्होंने कहा कि इससे संगत की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। एडवोकेट धामी ने अपने संबोधन के दौरान स्पष्ट किया कि सचखंड हरमंदिर साहिब से गुरबाणी के प्रसारण के सभी अधिकार शिरोमणि कमेटी के पास रहेंगे और कोई अन्य चैनल इसे नहीं चला सकेगा। एडवोकेट धामी ने कहा कि शिरोमणि कमेटी जल्द ही अपना सैटेलाइट चैनल स्थापित करेगी, जिसकी प्रक्रिया सक्रिय रूप से चल रही है।

संगत की मांग पर फिलहाल पीटीसी चैनल को सैटेलाइट पर गुरबाणी प्रसारित करने के लिए अधिकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी ने इस संबंध में पीटीसी प्रबंधकों से अपील की थी, जो मान गए हैं। इसके साथ ही शिरोमणि कमेटी द्वारा अपने आधिकारिक यूट्यूब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गुरबानी के प्रसारण के लिए चयनित कंपनी को दिए जाने वाले 12 लाख रुपये का मासिक खर्च भी पीटीसी द्वारा वहन किया जाएगा।

एडवोकेट धामी ने श्रद्धालुओं से सचखंड  हरमंदिर साहिब से गुरबाणी कीर्तन को निर्बाध रूप से सुनने के लिए शिरोमणि कमेटी द्वारा तैयार किए गए ‘एसजीपीसी अमृतसर’ यूट्यूब और फेसबुक चैनल से जुड़ने की अपील की।

वेब चैनल का नाम बदलने के बारे में उन्होंने कहा कि ऐसा विद्वानों के सुझावों और सिंह साहिबानों से चर्चा के बाद किया गया है, क्योंकि भविष्य में अगर चैनल को लेकर कोई कानूनी पेचीदगियां आती हैं तो सचखंड हरमंदिर साहिब का नाम इससे बाहर रहेगा। इस अवसर पर सचखंड  हरमंदिर साहिब के अतिरिक्त प्रमुख ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी अमरजीत सिंह ने गुरबाणी के प्रसारण के लिए शुरू किए गए चैनल पर संगत को बधाई दी।

यह भी पढ़ें- राजस्थान : रेस्तरां में काम करने वाले दो भाइयों ने की मालिक की हत्या 

 

संबंधित समाचार