अयोध्या: पुरानी पेंशन बहाली को लेकर दस अगस्त को दिल्ली कूच करेगें शिक्षक
अयोध्या/अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की बैठक एनएसएस इण्टर कालेज कृष्णानगर में जिलाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी की अध्यक्षता व महामंत्री चन्द्रजीत यादव के संचालन में हुई। बैठक में ब्लॉक, जिला व मण्डल के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 10 अगस्त को पुरानी पेंशन की मांग को लेकर दिल्ली में धरना दिया जाना है।
जिसमें अधिक से अधिक शिक्षकों की प्रतिभागिता हो। सितम्बर तक सभी ब्लॉकों का चुनाव एक साथ 2022-23 की सदस्यता पर कराने का फैसला लिया गया। इसके अलावा जनपद के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह 10 सितम्बर को किया जायेगा।
इसके अलावा बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा हुई और महानिदेशक स्कूली शिक्षा को पत्र भेजे जाने का निर्णय लिया गया। मंडल महामंत्री अमरजीत वर्मा, मंडल उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, मो तारिक जिला सी पी यादव, हरिकिशन निषाद, बरसाती राही, लालबहादुर वर्मा आदि मौजूद रहे।
