बरेली: छह सदस्यीय कमेटी की निगरानी में होगा आईएमए का चुनाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आईएमए के चुनाव की घोषणा हो गई है, नामांकन भी शुरू हो गए हैं। आईएमए अध्यक्ष ने छह सदस्यीय कमेटी की घोषणा भी कर दी है। इस कमेटी की निगरानी में ही चुनाव संपन्न होगा। आईएमए अध्यक्ष डा. राजेश अग्रवाल ने बताया कि चुनाव के लिए एक कमेटी का गठन होता है। …

बरेली, अमृत विचार। आईएमए के चुनाव की घोषणा हो गई है, नामांकन भी शुरू हो गए हैं। आईएमए अध्यक्ष ने छह सदस्यीय कमेटी की घोषणा भी कर दी है। इस कमेटी की निगरानी में ही चुनाव संपन्न होगा।

आईएमए अध्यक्ष डा. राजेश अग्रवाल ने बताया कि चुनाव के लिए एक कमेटी का गठन होता है। कमेटी वर्तमान अध्यक्ष द्वारा गठित की जाती है इसमें आईएमए के पूर्व अध्यक्ष शामिल होते हैं। डॉक्टर रवीश अग्रवाल को समिति का चेयरमैन बनाया गया है। कमेटी के सदस्यों में डॉ. रवि खन्ना, डॉ. अंशु अग्रवाल, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, डॉ. जेके भाटिया और डा. राजेश अग्रवाल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष का चुनाव एक साल पहले कर लिया जाता है।

वर्ष 2020- 21 के लिए पिछले वर्ष आर्थोपेडिक सर्जन डा. मनोज कुमार अग्रवाल पहले ही चुने जा चुके हैं। इस वर्ष अध्यक्ष पद के लिए 2021- 22 के लिए चुनाव होगा, जबकि अन्य पदों के लिए वर्ष 2020- 21 चुनाव होगा। बीते कई सालों से आईएमए अध्यक्ष का चुनाव जोरदार रहा है। पहले जहां परंपरानुसार आपसी सहमति से अध्यक्ष चुन लिया जाता था। वहीं अब कई खेमे में डाक्टर बंटे नजर आते हैं।

इस बार भी चुनाव आचार संहिता लागू होने के साथ ही आईएमए की सियासत गरमा गई है। हालांकि अभी तक किसी पद के लिए खुल कर किसी चिकित्सक का नाम सामने नहीं आया है। आईएमए में नामांकन के लिए बाक्स को रख दिया गया है जो सील है। इसे 9 सितंबर को नामांकन की समय सीमा समाप्त होने के बाद ही खोला जाएगा। उसके बाद ही तय होगा कि किस पद पर कितने डाक्टरों के बीच सियासी लड़ाई होगी।

संबंधित समाचार