रामपुर : कलेक्ट्रेट पर गुस्साए किसानों ने फूंका स्कूल प्रधानाचार्या का पुतला
पुतला फूंकने के बाद किसानों ने कलेक्ट्रेट में शुरू किया बेमियादी धरना, किसान पूरे प्रकरण की जांच कराए जाने की कर रहे मांग
रामपुर, अमृत विचार। व्हाइटहॉल स्कूल के प्रधानाचार्या द्वारा किसान नेता पर रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। गुस्साए किसानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में स्कूल प्रधानाचार्या का पुतला फूंक दिया और वहीं बेमियादी धरने पर बैठ गए। किसानों की मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। नहरों की जमीन से अवैध कब्जे और शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत बच्चों के प्रवेश कितने हैं इसकी जांच जिलाधिकारी कराएं। प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि तीन दिन के भीतर जांच नहीं होने पर किसान स्कूल के गेट पर धरना देंगे।
व्हाइटहॉल पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या ने प्रदेश कैंप कार्यालय प्रभारी मोहम्मद मुस्तकीम के खिलाफ रंगदारी की रिपोर्ट कराई है। इसके विरोध में भाकियू (टिकैत) ने आंदोलन छेड़ दिया है। प्रदेश महासचिव हसीब अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ता कार्यालय से नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर वहीं बेमियादी धरने पर बैठ गए। इससे पहले किसानों ने स्कूल प्रबंधक का पुतला भी फूंका।
किसानों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। मामले की जांच नहीं कराई तो स्कूल गेट पर धरना दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को भी बुलाया जाएगा। धरना देने वालों में जिला प्रवक्ता मंजीत सिंह अटवाल, जागीर सिंह, प्रतिपाल सिंह, मंगल सिंह, सुखविंदर सिंह हुंदल, हरजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, जोगिंदर सिंह, अमृतपाल सिंह, बब्बू चीमा, हरबंश सिंह, सुभाष चंद्र शर्मा, चौधरी अजीत सिंह, चौधरी राजपाल सिंह, राहत खां, जुबैद आलम, इरफान हसन, मुस्तकीम, साबिर अली, छिद्दा नेता भी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : रामपुर : सैफनी में ई-रिक्शा चालक डाक कांवड़ियों के जत्थे से टकराया, हंगामा
