मुरादाबाद : प्राथमिक स्तर पर बच्चों को बनाया जाएगा दक्ष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तैयारी : लर्निंग बाई डूइंग के लिए जिले में 18 प्रयोगशाला बनेगी, प्रत्येक ब्लॉक के दो स्कूलों में होगा निर्माण 

तकनीकजनपद के चार स्कूलों में अब तक हो चुका है लैब का निर्माण , लैब की मदद से गणित, विज्ञान की अवधारणा को समझेंगे बच्चे

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्राथमिक स्तर पर बच्चों को दक्ष बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में लर्निंग बाई डूइंग के लिए जिले में 18 लैब बनाई जाएंगी। प्रत्येक ब्लॉक के दो स्कूलों में लैब का निर्माण किया जाएगा। यहां पहले से ही चार लैब बनाई जा चुकी हैं।

परिषदीय स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए व्यवस्था में सुधार का कार्य तेजी से हो रहा है। स्कूलों में समृद्ध होते गुणात्मक शिक्षण से भविष्य की नींव मजबूत हो रही है। स्कूलों में बच्चे गुणात्मक शिक्षा के साथ तकनीकी कौशल भी प्राप्त कर रहे हैं। विज्ञान आश्रम संस्था ने 2021 में पायलट प्रोजेक्ट के जरिये ड्रापआउट बच्चों को तकनीकी कौशल सिखाने के लिए चार परिषदीय स्कूलों में तकनीकी कक्षाओं का संचालन शुरू किया था। इन स्कूलों में लाखों रुपये खर्च कर वेल्डिंग मशीन, कटर, ड्रिल मशीन, कारपेंटर किट, टूल किट समेत अन्य सामग्री से लैब तैयार की गई।

जिले में कंपोजिट विद्यालय तहसील, कंपोजिट विद्यालय डिडौरा, कंपोजिट विद्यालय पीएसी व जूनियर हाईस्कूल रायपुर में लैब बन चुकी है। इन स्कूलों में 200 से अधिक बच्चे इंजीनियरिंग एंड वर्कशाप, एनर्जी एंड एन्वायरमेंट, गृह एवं हेल्थ समेत कृषि की गतिविधियों में भी प्रतिभाग कर विज्ञान और गणित की अवधारणा को समझ रहे हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि बच्चों के लिए लैब की मदद से गणित और विज्ञान की अवधारणा को समझना सरल हो गया है। बच्चे सोलर कुकर से लेकर मोबाइल प्रोजेक्टर, इलेक्ट्रानिक, पेंटिंग, साइकिल मरम्मत, प्लास्टिक की बोतल से खिलौना बनाने, इलेक्ट्राॅनिक व किचन गार्डनिंग में इंजीनियरिंग का उपयोग कर रहे हैं। आने वाले दिनों में हजारों बच्चे तकनीकी कौशल विकास से  दक्ष होंगे।  

इन विद्यालयों में बनाई जाएंगी प्रयोगशाला
कंपोजिट विद्यालय भगतपुर, रुस्तमपुर तिगरी, बिलारी, मोहम्मद हयातपुर, रसूलपुर गुज्जर, कन्या जूनियर हाईस्कूल फतेहपुर विश्नोई,  कंपोजिट विद्यालय मनकुआ मकसूदपुर, सलेमसराय, मालीपुर, जूनियर हाईस्कूल हुसैनपुर छिरावली, कंपोजिट विद्यालय मंगूपुरा, गुरहेटा, मुफ्ती टोला, मझोला, बरबरा खास, सरकड़ा खास, कमलपुरी खालसा और रामनगर खागूवाला।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : स्थायी बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू, यात्रियों को राहत

संबंधित समाचार