Banda: गैरहाजिर चार नर्सों को निलंबित करने के DM ने दिए निर्देश, आरोग्य समितियों के गठन में लेटलतीफी पर जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में गैरहाजिर चार नर्सों को निलंबित करने के निर्देश।

बांदा में गैरहाजिर चार नर्सों को निलंबित करने के निर्देश दिए। आरोग्य समितियों के गठन में लेटलतीफी पर नाराजगी जताई।

 बांदा, अमृत विचार। स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के तेवर काफी तल्ख रहे। पिछले चार माह से अनुपस्थित चार नर्सों के विरूद्ध नोटिस जारी कर निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आरोग्य समितियों के गठन में देरी पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। डीपीआरओ और नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत ईओ को वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम को प्रभावी इंतजाम कराने के निर्देश दिए।    

कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने ई-संजीवनी पोर्टल पर डाटा अपलोड किए जाने तथा जन आरोग्य कमेटियों के गठन मे देरी होने पर संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने हेल्प वेलनेस सेंटर के निर्माण में तेजी लाने के लिए कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद को दिए।

इसी प्रकार से उन्होंने दस्तक अभियान के अंतर्गत आशाओं को घर-घर जाकर टीवी एवं कुष्ट रोगियों की सूची तथा वेक्टर जनित रोगों से पीड़ित मरीजों का डाटा तैयार करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संपूर्ण टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं की सभी जांच समय पर कराए जाने की समीक्षा करते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी तिंदवारी व नरैनी को लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थागत प्रसव बढ़ाए जाने के लिए आशा, एएनएम की मानीटरिंग करने तथा आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने पिछले चार माह से अनुपस्थित चल रही चार नर्सों के विरूद्ध नोटिस जारी कर निलंबन की कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कुपोषित बच्चों को एनआरसी सेंटर में स्वास्थ्य उपचार के लिए भेजे जाने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, सीएमओ डा.एके श्रीवास्तव, सीएमएस डा.एसएन मिश्रा समेत एसीएमओ व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार