बरेली में आउटसोर्सिंग सफाईकर्मियों को 411 तो ठिरिया में 374 रुपये
प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के राज्य सलाहकार समिति के सदस्य की बैठक
बरेली, अमृत विचार। जिले में सफाई कर्मियों की समस्याओं पर चर्चा करने आए प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के राज्य सलाहकार समिति के सदस्य रवि कुमार वाल्मीकि की बैठक में न समाज कल्याण अधिकारी पहुंचे न डीपीआरओ। किसी नगर पंचायत के ईओ ने भी तवज्जो नहीं दी। रवि कुमार ने इस पर मीडिया के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह इस संबंध में शासन में शिकायत करेंगे।
सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए रवि कुमार ने बताया कि प्रदेश में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों को कम पैसा मिल रहा है। किसी जिले में 350 तो किसी में 388 रुपये दिए जा रहे हैं। एक ही जिले के नगर निगम और नगर पंचायतों में अलग-अलग पैसा दिया जा रहा है। उन्होंने बरेली नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों के भुगतान के बारे में पूछा तो मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एमपीएस राठौर ने 411.17 रुपये दिए जाने की जानकारी दी। इस पर रवि कुमार ने कहा कि यह राशि प्रदेश के किसी जिले में नहीं दी जा रही है।
एमपीएस राठौर ने बताया कि बरेली में पिछले साल से यह राशि दी जा रही है। रवि कुमार ने मुख्य सफाई निरीक्षक से इसका शासनादेश मांगा। कहा, इसके जरिए वह प्रदेश में सभी नगर निगम और नगर पंचायतों में आउटसाेर्सिंग सफाई कर्मियों को यह राशि दिलाएंगे। ठिरिया निजावत खां नगर पंचायत से आए क्लर्क ने बताया कि उनके यहां 374.55 रुपये दिये जा रहे हैं।
बैठक में अफसरों के न आने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी लेकिन अफसरों ने रुचि नहीं ली। बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जेडएसओ नगर निगम, सभी नगर पालिका व नगर पंचायत के ईओ, सभी मंडी सचिव, सीएमओ,डीएसओ, डीपीआरओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एसई शहर व ग्रामीण विद्युत वितरण, एक्सईएन जल निगम को आना था।समाज कल्याण अधिकारी को फोन करके न आने का कारण पूछा तो उन्होंने बैठक की जानकारी ही नहीं होना बताया। बैठक में एसीएमओ भानु प्रकाश, अधीक्षण अभियंता अशोक चौरसिया मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ ऑटोचालक सचिन के शव का पोस्टमार्टम, पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
