अमेरिका ओपन: सेरेना, केनिन, मेदवेदेव, थिएम प्री क्वार्टरफाइनल में
न्यूयार्क। 23 बार की ग्रैंड स्लेम विजेता अमेरिका की सेरेना विलियम्स, ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन अमेरिका की सोफिया केनिन, दूसरी सीड ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम और तीसरी वरीयता प्राप्त रुस के डेनिल मेदवेदेव अपने-अपने मुकाबले जीतकर वर्ष के आखिरी ग्रैंड स्लेम यूएस ओपन के प्री क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए। महिला वर्ग में तीसरी सीड और विश्व …
न्यूयार्क। 23 बार की ग्रैंड स्लेम विजेता अमेरिका की सेरेना विलियम्स, ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन अमेरिका की सोफिया केनिन, दूसरी सीड ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम और तीसरी वरीयता प्राप्त रुस के डेनिल मेदवेदेव अपने-अपने मुकाबले जीतकर वर्ष के आखिरी ग्रैंड स्लेम यूएस ओपन के प्री क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए।
महिला वर्ग में तीसरी सीड और विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर मौजूद सेरेना ने हमवतन और 2017 की चैंपियन स्लोएन स्टीफन्स को 2-6, 6-2, 6-2 से हराकर प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी। सेरेना ने पहला सेट गंवाने के बाद दमदार तरीके से वापसी की और स्टीफन्स को कोई मौका नहीं दिया।
सेरेना ने एक घंटे 44 मिनट तक चले इस मुकाबले में 12 एस लगाए जबकि स्टीफन्स एक भी एस नहीं लगा पायीं। सेरेना ने 29 और स्टीफन्स ने 25 विनर्स लगाए। सेरेना ने 23 जबकि स्टीफन्स ने 18 बेजां भूलें कीं। सेरेना का प्री क्वार्टरफाइनल में यूनान की मारिया सक्कारी से मुकाबला होगा जिन्होंने एक अन्य मुकाबले में अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को लगातार सेटों में 6-3, 6-1 से हराया।
महिलाओं में दूसरी सीड केनिन ने एक घंटे 39 मिनट तक चले मुकाबले में ट्यूनीशिया की ओंस जाबौर को लगातार सेटों में 7-6, 6-3 से हराकर प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी। जाबौर ने इस मुकाबले में 10 एस लगाए जबकि केनिन एक भी एस नहीं लगा पायीं। केनिन ने मैच में 14 विनर्स और जाबौर ने 35 विनर्स लगाए। केनिन का अगला मुकाबला बेल्जियम की एलिसे मरटेंस से होगा।
थिएम ने तीसरे राउंड के मुकाबले में क्रोएशिया के मारिन सिलिच को 6-2, 6-2, 3-6, 6-3 से हराकर प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी। थिएम ने दो घंटे 27 मिनट तक चले मुकाबले में नौ एस लगाए जबकि सिलिच ने पांच एस लगाए। थिएम ने मैच में 40 और सिलिच ने 32 विनर्स लगाए। थिएम ने मुकाबले में 28 जबकि सिलिच ने 27 बेजां भूलें कीं। थिएम का चौथे दौर में कनाडा के फेलिक्स ओगर एलियासिमे से मुकाबला होगा जिन्होंने एक अन्य मुकाबले में फ्रांस के कोरेंटीन मोउटेट को 6-1, 6-0, 6-4 से पराजित कर प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी।
विश्व रैंकिंग में पांचवें नंबर के खिलाड़ी मेदवेदेव ने अमेरिका के जेजे वोल्फ को एक घंटे 48 मिनट में 6-3, 6-3, 6-2 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। मेदवेदेव ने मैच में सात बार विपक्षी खिलाड़ी की सर्विस तोड़ी और 33 विनर्स लगाए। वोल्फ को मैच में 41 बेजां भूलें करना भारी पड़ गया।
मेदवेदेव का प्री क्वार्टरफाइनल में अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो से मुकाबला होगा। पुरुष वर्ग में स्पेन के रोर्बटो बतिस्ता अगुत को कनाडा के वासेक पोसपिसिल के हाथों तीन घंटे 40 मिनट तक चले मुकाबले में 5-7, 6-2, 6-4, 3-6, 2-6 से हार का सामना करना पड़ा। राउंड 16 में पोसपिसिल का सामना ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डी मिनोर से होगा।
रुस के आंद्रे रुबलेव ने इटली के सलवातोरे कारुसो को एक घंटा 24 मिनट में लगातार सेटों में 6-0, 6-4, 6-0 से परास्त कर दिया। रुबलेव ने इस मैच में 17 जबकि कारुसो ने तीन विनर्स लगाए। रुबलेव का प्री क्वार्टरफाइनल में इटली के मातेओ बेरेतिनी से होगा। महिला वर्ग के एक अन्य मुकाबले में बेलारुस की विक्टोरिया अजारेंका ने पोलेंड की ईगा स्विातेक को एक घंटा 38 तक चले मुकाबले में 6-4, 6-2 से हराया। अजारेंका का प्री क्वार्टरफाइनल में मुकाबला चेक गणराज्य की कैरोलिना मुचोवा से होगा।
