अमरोहा: हाईवे किनारे खड़े ट्रक में घुसी कार, चालक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार सवार मां-बेटे समेत तीन लोग घायल, रजबपुर थाना क्षेत्र के जोया टोल प्लाजा के पास हादसा

अमरोहा, अमृत विचार। रजबपुर थाना क्षेत्र के जोया टोल प्लाजा के पास बुधवार सुबह हाईवे किनारे खड़े ट्रक में कार पीछे से घुस गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में बैठे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पाकबड़ा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जनपद लखीमपुर खीरी के गांव बसखेड़ा पोस्ट पिपरिया कप्तान में कोरीगांव निवासी इंद्रजीत वाहन चालक था। बताया गया कि इंद्रजीत शाहजहांपुर जिले के गांव रामपुरा हीरा निवासी जनरैल सिंह के परिवार को कार से चंडीगढ़ लेकर गया था। जिसमें जरनैल सिंह की पत्नी कुलविंदर कौर, बेटा दशम सिंह और रिश्तेदार सुखदेव सिंह की बेटी सीरत कौर सवार थे। यहां सभी लोग चंडीगढ़ से वापस शाहजहांपुर लौट रहे थे।

 बुधवार सुबह जब यह लोग रजबपुर थाना क्षेत्र के जोया टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचे तभी अचानक कार हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सभी घायलों को पाकबड़ा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, वहां डाक्टरों ने चालक इंद्रजीत की हालत गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

 मेरठ ले जाते समय इंद्रजीत ले रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी अमरोहा पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।  सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि हादसे में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। हाईवे पर ट्रक क्यों खड़ा था, इसकी जांच कराई जा रही है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: पूर्व मंत्री अकबर हुसैन का बेटा युवती से दुष्कर्म मामले में घिरा, युवती ने एसएसपी से की कार्रवाई की मांग

संबंधित समाचार