बरेली: भ्रष्टाचार और स्टाफ से बदसलूकी के आरोपों में घिरीं प्रधानाध्यापिका निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मझगवां ब्लॉक के बिशारतगंज कंपोजिट स्कूल का मामला

बरेली, अमृत विचार। लंबे समय से भ्रष्टाचार और स्टाफ से बदसलूकी के आरोपों में घिरीं मझगवां ब्लॉक के बिशारतगंज उच्च प्राथमिक कन्या क्रमोत्तर कंपोजिट स्कूल की प्रधानाध्यापिका स्नेहलता अहिरवार को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। बीईओ की जांच रिपोर्ट के बाद बीएसए खुद जांच करने स्कूल पहुंचे तो आरोपों की पुष्टि होने पर उन्होंने यह कार्रवाई की है।

प्रधानाध्यापिका के खिलाफ काफी समय से जिला प्रशासन को वित्तीय अनियमितताएं करने और स्टाफ से बदसलूकी करने शिकायत मिल रही थीं। डीएम के निर्देश पर मझगवां खंड विकास अधिकारी ने मामले की जांच की तो शिकायत सही पाई गई। उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट महानिदेशक स्कूल शिक्षा, डीएम और बीएसए को भेजी थी।

बुधवार को बीएसए खुद आरोपों की पुष्टि करने स्कूल पहुंचे तो उन्हें कंपोजिट ग्रांट के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग, भ्रष्टाचार, मिड डे मील में धांधली समेत कई वित्तीय अनियमितताएं मिलीं। प्रधानाध्यापिका पर लगे विभागीय अधिकारियों और शिक्षकों से अभद्रता के आरोप भी सही पाए गए। इस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापिका स्नेहलता अहिरवार को निलंबित कर दिया।

रिकवरी के साथ हो सकती है बर्खास्तगी
प्रधानाध्यापिका पर आरोप है कि उन्होंने स्कूल को मिलने वाली कंपोजिट ग्रांट का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया। साथ ही पूरे साल बच्चों को दूध का वितरण नहीं कराया। वह मिड डे मील भी नहीं बनवाती थीं, बल्कि सभासद पर मिड डे मील की फर्जी रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाती थीं। इसके अलावा उन पर भ्रष्टाचार के कई और आरोप है। मामले की रिपोर्ट अफसरों की ओर से शासन को भेजी जा रही है, इससे उनसे रिकवरी के साथ ही बर्खास्तगी की कार्रवाई हो सकती है।

राजस्व विभाग में ऑडिटर पति के नाम पर धमकाती थीं
बीईओ की जांच रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानाध्यापक के पति राजस्व विभाग में ऑडिटर हैं। अधिकारी जांच के लिए वित्तीय अभिलेख दिखाने को कहते तो वह उनसे अभद्रता करने लगती थीं। पति के नाम पर उन्हें धमकी देती थीं कि वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। वह अवकाश स्वीकृत कराए बिना ही 15-20 दिन की छुट्टी पर चली जाती थीं। लौटकर आने पर हाजिरी रजिस्टर पर एक साथ हस्ताक्षर कर देती थीं।

प्रधानाध्यापिका के खिलाफ कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं। डीएम के निर्देश पर जांच कराई गई। खुद भी स्कूल जाकर देखा तो आरोपों की पुष्टि हुई। प्रधानाध्यापिका के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी - संजय सिंह, बीएसए।

ये भी पढ़ें- बरेली: युवक की गोली मारकर हत्या में दो भाईयों को उम्रकैद

संबंधित समाचार