बरेली: जिले के 15 स्कूल बनेंगे पीएम श्री, बच्चों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिले के प्रत्येक विकास खंड से एक - एक विद्यालय का चयन

प्रशांत पांडेय/बरेली, अमृत विचार। पीएम श्री योजना के तहत जिले के प्रत्येक विकास खंड से एक-एक स्कूल का चयन किया गया है। हालांकि बीएसए दफ्तर से सभी 15 विकास खंडों से दो-दो स्कूलों की सूची शासन को भेजी गई थी, लेकिन शुरुआती चरण में 15 परिषदीय स्कूलों को इस योजना के लिए चुना गया है। इसमें 13 उच्च प्राथमिक और दो प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। इस योजना के तहत चयनित विद्यालयों में लाइब्रेरी, रीडिंग कार्नर, कंप्यूटर लैब, विज्ञान लैब, हाईटेक स्मार्ट क्लास, स्टाफ रूम, प्रशाधन, हैंड वाशिंग यूनिट, मिडडे मील शेड, भंडार गृह, किचन गार्डन, डिश वाशिंग यूनिट एवं यूटिलिटी यार्ड की व्यवस्था की जाएगी।

इसके साथ ही सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान और खेल मैदान की व्यवस्था भी होगी। प्रत्येक कक्षा में फर्नीचर की व्यवस्था कराई जाएगी। चयनित स्कूलों को अन्य परिषदीय स्कूलों की अपेक्षा अधिक कंपोजिट ग्रांट मुहैया कराई जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार चयनित स्कूलों में सर्वाधिक छात्र संख्या है। इन स्कूलों के लिए सौ बच्चों पर कम से कम 25 हजार रुपये मिलेंगे, जबकि अन्य परिषदीय स्कूलों को कम से कम 10 हजार रुपये दिए जाते हैं।

ये चुने गए पीएम श्री स्कूल
पीएम श्री योजना के तहत बहेड़ी में सुल्तानपुर उच्च प्राथमिक स्कूल, आलमपुर जाफराबाद उच्च प्राथमिक स्कूल, भदपुरा में दलेल नगर उच्च प्राथमिक स्कूल, भोजीपुरा में लक्ष्मीपुर उच्च प्राथमिक स्कूल, भुता में दंडिया नवाजिस अली, बिथरी चैनपुर सैदपुर में उच्च प्राथमिक स्कूल, दमखोदा में रहपुरा गनीमत उच्च प्राथमिक स्कूल, फरीदपुर में किसुर्रा उच्च प्राथमिक स्कूल, फतेहगंज पश्चिम में खानपुर स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल, क्यारा में मानपुर चिकटिया, मझगवां में भीखमपुर प्राथमिक स्कूल, मीरगंज में मनकरा प्राथमिक स्कूल, नवाबगंज में धरैरा उच्च प्राथमिक स्कूल, रामनगर में तीगरा खानपुर उच्च प्राथमिक स्कूल और शेरगढ़ में बाली उच्च प्राथमिक स्कूल चयनित हुए हैं।

पीएम श्री योजना के तहत चयनित स्कूलों में शिक्षण कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा। योजना के तहत स्कूल में कई जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कराई जा रही हैं - संजय सिंह, बीएसए।

ये भी पढ़ें- बरेली: कंजक्टिवाइटिस का प्रकोप चरम पर, जिला अस्पताल में बनाया जाएगा वार्ड

संबंधित समाचार