दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखकर हो पूर्वांचल विकास निधि का उपयोग, सीएम योगी ने दिए निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि बुंदेलखंड और पूर्वांचल विकास निधि का इस्तेमाल बहुआयामी एवं दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखकर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार किया जाना चाहिये। नियोजन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुये सीएम योगी ने कहा कि नियोजित और समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि प्रदेश की वार्षिक आय में सतत बढ़ोतरी हो रही है।
वित्तीय वर्ष 2020-21 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद 16 लाख 45 हजार 317 करोड़ था, जो 2021-22 में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 19 लाख 74 हजार 532 करोड़ हो गया है। वहीं, 2022-23 के लिए तैयार अग्रिम अनुमानों के आधार पर राज्य आय 21.91 लाख करोड़ रूपये से आंकलित हुई है। उन्होने बताया कि बुंदेलखंड और पूर्वांचल में विकास की अपार संभावनाएं हैं। हमें इन संभावनाओं को एक्सप्लोर करना होगा।
विश्वविद्यालयों/तकनीकी संस्थाओं को इस महत्वपूर्ण कार्य से जोड़ें। कहाँ कौन से सेक्टर में प्रयास की आवश्यकता है, किस प्रकार की सहायता दी जानी चाहिए, इन सबका गहन अध्ययन कराया जाए। यह अध्ययन रिपोर्ट नियोजन विभाग में संकलित हों और उपयोगिता अनुसार उन्हें कार्ययोजना में शामिल किया जाए। बुंदेलखंड और पूर्वांचल के विकास के लिए आवंटित निधि का उपयोग बहुआयामी एवं दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखकर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार हो।
सीएम योगी ने कहा कि आकांक्षात्मक जिला कार्यक्रम अंतर्गत प्रदेश के सभी चिन्हित जिलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। नीति आयोग द्वारा डैशबोर्ड चैम्पियन्स आफ चेन्ज पर मई 2023 की सूचना के अनुसार समग्र रूप से देश के प्रथम 10 जिलों में उत्तर प्रदेश के छह जिले आये हैं। उन्होने कह कि आकांक्षात्मक विकास खंड कार्यक्रम शासन की प्राथमिकता में है। शासन स्तर से हर विकास खंड का सतत अनुश्रवण किया जा रहा है। मार्च 2022 से मार्च 2023 तक ओवरऑल डेल्टा रैंकिंग में कुशीनगर का बिशुनपुरा विकास खंड सर्वश्रेष्ठ रहा है।
इसी प्रकार, विषयगत क्षेत्र-वार डेल्टा रैंकिंग के अंतर्गत चिकित्सा एवं पोषण में मझगवां (बरेली), शिक्षा में वजीरगंज (बदायूँ), कृषि एवं जल संसाधन में भीटी (अम्बेडकर नगर), वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास में फतेहगंज (बरेली) और इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट के इंडिकेटर पर सोहांव (बलिया) विकास खंड प्रथम स्थान पर रहा है। ओवरऑल डेल्टा रैंकिंग में सर्वश्रेष्ठ विकास खंड को दो करोड़ रूपये विषयगत क्षेत्र में प्रथम स्थान पर रहे विकास खंडों को 60-60 लाख रूपये का वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-बलिया: रेप और दहेज हत्या के मामले में ससुर और पति गिरफ्तार
