पुलिस की अंतरजनपदीय प्रतियोगिता में 45-17 प्वाइंट से विजेता बना बदायूं
बारिश ने डाली खलल, तकरीबन डेढ़ घंटों तक रुकी रही प्रतियोगिताएं
बदायूं, अमृत विचार। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर तालियों की गड़गड़ाहट। बेहतर होने पर उत्साहित करने का शोर। खराब प्रदर्शन पर हूटिंग। कुछ ऐसा नजारा था रिजर्व पुलिस परेड ग्राउंड का। शुक्रवार से पुलिस विभाग की महिला व पुरुष वर्ग की 26वीं अंतरजनपदीय कुश्ती, कबड्डी, भारत्तोलन, बॉक्सिंग, आर्म रेसलिंग, बॉडी बिल्डिंग, पॉवर लिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं शुरू हुईं।
मुख्य अतिथि आइजी डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर और फीता काटकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। पहले दिन बारिश में खलल डाली। कबड्डी के तीन मैच हो सके। पहले दिन बदायूं का दबदबा रहा। बदायूं की टीम ने मुरादाबाद की टीम को 45-17 प्वाइंट से हराया।
पुलिस की प्रतियोगिताएं तीन दिन शुक्रवार से शुरू होकर रविवार तक चलेंगी। मंडल के बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बिजनौर, रामपुर, बिजनौर, मुरादाबाद की टीमें प्रतिभाग करेंगी। सात खेलों की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। लगभग 400 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। पहले दिन शुक्रवार को सुबह लगभग पौने 11 बजे उद्घाटन हुआ।
अधिकारियों ने टीमों के मैनेजर और खिलाड़ियों से परिचय किया। खिलाड़ियों ने खेल भावना से खेलने की शपथ ली। पहला मैच पुरुषों की बदायूं और मुरादाबाद की टीम के बीच खेला गया। हल्की बूंदाबांदी के बीच खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बदायूं के 7 और मुरादाबाद के 3 प्वाइंट हुए। इसी दौरान लगभग 11 बजकर 33 मिनट पर तेज बारिश शुरू हो गई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सहमति पर प्रतियोगिता रुक गई। अतिथियों को खिलाड़ियों को नाश्ता कराया गया।
लगभग डेढ़ घंटे के बाद बारिश रूकी। मैच पूरा कराया गया। जिसमें बदायूं ने मुरादाबाद की टीम को हराया। दूसरा मैच पीलीभीत और बरेली की टीम के बीच कराया गया। जिसमें पीलीभीत 50-18 प्वाइंट लेकर जीत हासिल की। तीसरे मैच में रामपुर ने अमरोहा की टीम को हराया।
शनिवार को शाहजहांपुर और बिजनौर के बीच मैच कराया जाएगा। इस मौके पर एसपी देहात अजय प्रताप, एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, सीओ सिटी आलोक मिश्रा, सीओ लाइन शक्ति सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सुमेर सिंह, कोतवाली सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बदायूं में नाबालिग बच्ची से बलात्कार और हत्या के दोषी को मृत्युदंड
