हल्द्वानी: बागजाला में डेंगू का डेरा, जिले में अब तक 9 मरीज मिले
हल्द्वानी, अमृत विचार। बारिश के साथ डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। जिले में डेंगू के अब तक 9 मरीज मिल चुके हैं, जिसमें से एक बेस अस्पताल में भर्ती है। इस वर्ष डेंगू के ज्यादातर मामले गौलापार के बागजाला में मिले हैं।
सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि डेंगू के बढ़ते मरीजों को देखते हुए टीम को अलर्ट कर दिया गया है। जनपद में डेंगू के अब तक 9 मरीज मिले हैं। इनमें 3 बागजाला तथा 1 कुंवरपुर से है। जबकि 5 हल्द्वानी शहर व आसपास के क्षेत्रों से हैं। डेंगू जांच में आठ मरीजों की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि एक कार्ड पॉजिटिव है।
डेंगू वाले इलाकों में फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव करवाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने डेंगू से बचने के लिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। कहा कि कूलर और घरों के आसपास पानी एकत्र न होने दें। सफाई पर विशेष ध्यान दें। बुखार आने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।
