प्रतापगढ़: सर्पदंश से मृत्यु पर पोस्टमार्टम कराएं, मिलेगा चार लाख- जिलाधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़। सर्पदंश से यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उनके आश्रित को चार लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए आवश्यक है कि सर्पदंश से जिस व्यक्ति की मृत्यु हुई हो उसका पोस्टमार्टम कराया जाए। यदि पोस्टमार्टम नहीं कराया जाता तो उसे लाभ नहीं दिया जा सकता है। 

जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सर्पदंश के दौरान यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उनके परिवार वाले यह सोचते हैं कि पोस्टमार्टम कराया जाएगा तो शरीर को ज्यादा चीर-फाड़ दिया जाएगा, इसलिये वे पोस्टमार्टम नहीं कराते हैं।

उन्होंने बताया कि सर्पदंश के दौरान जो पोस्टमार्टम कराया जाता है, उसमें ज्यादा चीर-फाड़ नहीं होता है। इसलिये जनसामान्य सर्पदंश के दौरान मृतक व्यक्ति का पोस्टमार्टम अवश्य कराएं और चार लाख तक का लाभ अवश्य प्राप्त करें। इससे पीड़ित गरीब व्यक्ति को कुछ राहत मिलती है। 

डीएम ने बताया कि खराब मौसम में वज्रपात की घटनाएं होने की संभावना रहती है। इसमें जनहानि एवं पशु हानि व मकान क्षति तथा व्यक्ति के घायल होने की घटनाएं प्रायः होती हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि अपने मोबाइल में मौसम विज्ञान विभाग भारत सरकार द्वारा विकसित दामिनी एप एवं सचेत एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें। इससे वज्रपात की पूर्व सूचना मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें:-भदोही में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को पीटा, तीन खिलाफ मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार