रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अगस्त में शांति वार्ता की मेजबानी करेगा सऊदी अरब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुबई। यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच सऊदी अरब अगस्त की शुरुआत में एक शांति वार्ता की मेजबानी करेगा, जिसमें भारत भी शामिल हो सकता है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। बहरहाल, सऊदी अरब और यूक्रेन ने अभी इस वार्ता की पुष्टि नहीं की है। अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि यह शिखर वार्ता लाल सागर के बंदरगाह शहर जेद्दा में होगी। 

उन्होंने बताया कि शिखर वार्ता में यूक्रेन के साथ ही ब्राजील, भारत, दक्षिण अफ्रीका और कई अन्य देश हिस्सा लेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन के एक उच्च स्तरीय अधिकारी के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है। अधिकारी के मुताबिक, इस आयोजन की तैयारियां कीव संभाल रहा है। उन्होंने कहा कि रूस के वार्ता में भाग लेने की संभावना नहीं है। सबसे पहले इस शांति वार्ता की जानकारी ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने दी थी।

उसने ‘वार्ता से जुड़े राजनयिकों’ के हवाले से बताया था कि शांति वार्ता पांच-छह अगस्त को होगी और लगभग 30 देश इसमें हिस्सा लेंगे। अभी सऊदी अरब के अधिकारियों और रियाद में यूक्रेनी दूतावास ने इस पर टिप्पणी नहीं की है। इस शिखर वार्ता की खबर ऐसे वक्त में आई है, जब अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान ने बृहस्पतिवार को सऊदी अरब की यात्रा की थी। 

यूक्रेन के कुछ हिस्सों में हवाई हमले की चेतावनी जारी 
कीव। यूक्रेन के कई क्षेत्रों में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई है। देश के डिजिटल परिवर्तन मंत्रालय के ऑनलाइन मानचित्र से पता चला कि शनिवार शाम को यूक्रेन के सुमी, चेर्निहाइव, खार्किव और पोल्टावा क्षेत्रों में हवाई हमले की चेतावनी प्रभावी थी। मायकोलाइव क्षेत्र के साथ-साथ खेरसॉन क्षेत्र के कीव-नियंत्रित हिस्सों में शनिवार की देर रात हवाई हमले के सायरन बजने लगे। यूक्रेनी मीडिया ने बताया कि रात भर यूक्रेन नियंत्रित ख़ेरसन में विस्फोटों की आवाज़ सुनी गई। रूस द्वारा 10 अक्टूबर (क्रीमियन ब्रिज पर आतंकवादी हमले के दो दिन बाद) से यूक्रेनी बुनियादी ढांचे के खिलाफ सटीक हमले किए गए हैं।

ये भी पढ़ें : नाइजर में सैन्य तख्तापलट के बाद अमेरिका की ओर से दी जाने वाली आर्थिक मदद खतरे में : Antony Blinken

 

संबंधित समाचार