अमरोहा: फैक्ट्रीकर्मी की हत्या मामले का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

अमरोहा: फैक्ट्रीकर्मी की हत्या मामले का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

घटना का खुलासा करते एएसपी राजीव कुमार सिंह

अमरोहा, अमृत विचार। नहर में धक्का देकर फैक्ट्रीकर्मी की हत्या मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। आरोपी ने घटना को दुर्घटना दिखाने का प्रयास किया था। पुलिस ने धक्का देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उधार के रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने फैक्ट्रीकर्मी को धक्का दिया था। उसका शव तिगरी गंगा में मिला था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। साथ ही मृतक की बाइक भी बरामद कर ली है। 
   
यह घटना मंडी धनौरा थाना क्षेत्र की है। बुधवार को एएसपी राजीव कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया। एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि धनौरा कस्बे के मोहल्ला महादेव टीचर्स कॉलोनी निवासी जयप्रकाश गौड़ साहिबाबाद में टाटा स्टील फैक्ट्री में नौकरी करते थे। मोहल्ला महादेव हरीनगर के निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ बिट्टु पुत्र अवनीश शर्मा की जयप्रकाश से जान पहचान थी तथा दोनों में रिश्तेदारी भी थी। 

पहचान के चलते अभिषेक शर्मा ने जयप्रकाश गौड़ से दो लाख रुपये उधार लिए थे। जब जयप्रकाश गौड़  ने अपने उधार दिए गए रुपयों का तगादा किया तो अभिषेक शर्मा ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। जिसके चलते उसने 24 अप्रैल को जयप्रकाश को अपने पास बुलाया। रामलीला ग्राउंड में दोनों की काफी देर बातचीत हुई। 

इसके बाद अभिषेक शर्मा ने उसे अपने झांसे में लेते हुए उधार रुपये देने की बात कहकर जयप्रकाश के साथ बीयर पी। इसके बाद अभिषेक शर्मा उसे साइफन के पास नहर किनारे ले गया। वहां भी बीयर पी। जब जयप्रकाश को नशा हो गया तो अभिषेक शर्मा ने उसे धक्का देकर नहर में गिरा दिया। एएसपी ने बताया कि आरोपी अभिषेक शर्मा ने साक्ष्य मिटाने के लिए जयप्रकाश की बाइक को भी नहर में धकेल दिया। 

पांच दिन बाद जयप्रकाश का शव तिगरी गंगा में उतराता मिला। जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने मामले में छानबीन की। सर्विलांस से पुलिस आरोपी अभिषेक शर्मा तक पहुंची। उसे गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ के आरोपी ने अपना जुर्म कबूला। 

एएसपी ने बताया कि आरोपी अभिषेक शातिर है, उसने सोशल मीडिया के जरिए बिना हथियार के हत्या करना, घटना को दुर्घटना में बदलना, परमानेंट व्हाट्स ऐप चेट डिलीट करना आदि के संबंध जानकारी हासिल की थी। इसके बाद घटना को अंजाम दिया था। एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया है जबकि मृतक की बाइक भी बरामद कर ली गई है।

ये भी पढे़ं- अमरोहा : स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही गर्मी, अस्पतालों में उमड़ी मरीजों की भीड़