कासगंज: चर्चित संपत्ति का मामला... अफसरों की जांच के संग शुरू हुआ सोशल वार
सोशल मीडिया पर दोनों पक्ष ने रखा अपना-अपना तर्क
कासगंज, अमृत विचार। शहर के नदरई गेट क्षेत्र में देवांश लॉज की संपत्ति पर हुए कब्जे के मामले में अफसर जांच कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सोशल वार तेज हो गया है। पीड़ित और आरोपी पक्ष ने सोशल मीडिया पर अपने-अपने तर्क रखे हैं और दोनों ने ही अपने आप को सही दर्शाने की कोशिश की है, हालांकि अब सच्चाई प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।
प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की खबर समाचार पत्र में प्रकाशित होने के बाद शहर में दिनभर मामला चर्चा का विषय बना रहा। इधर मामला तूल पकड़ रहा है। इस बीच पीड़ित और आरोपी सोशल मीडिया पर आमने-सामने आ गए हैं। पीड़ित पक्ष से अरुण कुमार अग्रवाल का आरोप है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन अवैध तरीके से उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा है और कहा है कि प्रशासन के समक्ष पूरी बात रखेंगे।
आरोपी पक्ष से अजय अग्रवाल ने भी सोशल मीडिया पर अपना तर्क दिया है। उन्होंने लिखा है कि किसी ने उनका पक्ष जाना ही नहीं है। जबकि वे सही हैं और अपनी पैतृक संपत्ति पर कब्जा कर रहे हैं। व्हाट्सएप ग्रुप पर दोनों ही पक्षों के तर्क लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोग ग्रुप पर अपनी-अपनी टिप्पणी कर रहे हैं, हालांकि जो भी हो लेकिन सच्चाई क्या है यह तो प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ये भी पढ़ें- कासगंज: कोतवाली प्रभारी ने सैनिक के साथ किया अभद्र व्यवहार, पुलिस ने धक्का देकर निकाला बाहर
